कुंडहित (जामताड़ा) । कुंडहित से तुलसीचक मोड़ भाया बाघाशोला ताराबाद होते हुए 5 किलोमीटर 400 मीटर लंबी प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क का निर्माण लम्बे समय से बंद रहने से लोगों को सड़क से होकर आवागमन करने में भारी कठिनाई हो रही है। सड़क पर संवेदक द्वारा सिर्फ पत्थर बिछाकर छोड़ दिया गया है जिससे साइकिल मोटरसाइकिल एवं पैदल चलने में काफी परेशानी हो रही है। सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर निकले हुए हैं । संवेदक द्वारा कोई डायवर्सन नहीं बनाया गया है। सिर्फ पत्थर बिछाकर छोड़ देने से आए दिन इस सड़क पर कई दुर्घटनाएं घटती रहती है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत इस सड़क निर्माण की स्वीकृति मिली थी। उक्त सड़क का निर्माण 3 करोड़ 60 लाख 42 हजार 900 के लागत से होना है। इसकी आधारशिला बीते 27 अक्टूबर 2023 को झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो एंव पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने रखी थी। संवेदक के लापरवाही के कारण लंबे समय से निर्माणाधीन सड़क पर काम बंद है जिससे कार्य की पूर्णता कुछ भी नजर नहीं आ रही है। संवेदक द्वारा लगाए गए बोर्ड के अनुसार 28 अगस्त 2023 को कार्य प्रारंभ किया गया था। जबकि 27 अगस्त 2024 को संवेदक को कार्य पूर्ण करना था।
किस-किस गांव के लोग हैं प्रभावित :-
बहुचर्चित सड़क कुंडहित से तुलसीचक मोड़ तक में दर्जनों गांव के लोग यातायत करते हैं। प्रतिदिन काफी संख्या में लोग प्रखंड मुख्यालय सहित कुंडहित बाजार आना-जाना लगा रहता है सड़क में अधूरे काम के कारण से बाघासोला, हरियालमाटी , ताराचंद, धोबना, सपसपिया, शालुका, रामपुर, अम्बा, सियारसुली, चंद्राबाद ,सटकी, पांचकुड़ि, विक्रमपुर, सहित दर्जनों गांव के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्या कहते है पंचायत समिति सदस्य:-
पालाजोड़ी पंचायत के पंचायत समिति सदस्य प्रीया दास ने बताया लंबी समय से सड़क निर्माण कार्य बंद रखने से सड़क पर निकले पत्थरों पर चलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने उपायुक्त से उक्त सड़क का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कराने का मांग किया है।



