2022 से पहले भ्रूण फ्रीज तो सरोगेसी कानून से छूट
नई दिल्ली । सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को एक मामले में अहम फैसला सुनाते हुए कहा, कि अगर किसी महिला ने 2022 से पहले भ्रूण फ्रीज कराया है, तो उसे सरोगेसी कानून की उम्र सीमा से छूट दी जा सकती है। अदालत ने साफ किया कि मां-बाप बनने का अधिकार सरकार तय नहीं कर सकती, क्योंकि यह प्राकृतिक प्रक्रिया है और इसमें किसी प्रकार की कानूनी उम्र सीमा लागू नहीं की जा सकती।
यह फैसला जस्टिस बी.वी. नागरत्ना और जस्टिस के.वी. विश्वनाथन की बेंच ने सुनाया। कोर्ट ने सरकार को फटकार लगाते हुए कहा कि बढ़ती उम्र को चिंता का कारण बताकर प्रजनन अधिकारों पर अंकुश लगाना उचित नहीं है। यह पूरा मामला सरोगेसी (नियमन) अधिनियम, 2021 से जुड़ा है, जो जनवरी 2022 में लागू हुआ था। इस कानून के तहत केवल वही दंपति सरोगेसी का विकल्प चुन सकते हैं, जिनमें पुरुष की उम्र 26 से 55 वर्ष और महिला की उम्र 23 से 50 वर्ष के बीच हो।
चेन्नई के इनफर्टिलिटी स्पेशलिस्ट डॉ. अरुण मुथुवेल ने इस कानून के खिलाफ याचिका दायर की थी, जिसमें उन्होंने कमर्शियल सरोगेसी पर प्रतिबंध और उम्र सीमा की बाध्यता को चुनौती दी थी। इस मामले की सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट गुरुवार को अहम फैसला दिया है। इस फैसले के चार प्रमुख बिंदु हैं, जिसके अनुसार कानून बनने से पहले के मामलों पर नई शर्तें लागू नहीं होंगी। अगर दंपति ने कानून लागू होने से पहले भ्रूण फ्रीज कराया है, तो उनके पास सरोगेसी का अधिकार पहले से सुरक्षित है। सरोगेसी प्रक्रिया भ्रूण फ्रीज होने के क्षण से शुरू मानी जाएगी। जब दंपति के गैमेट्स (स्पर्म और एग) निकाल लिए जाते हैं और भ्रूण तैयार कर फ्रीज कर दिया जाता है, तो दंपति का योगदान पूरा हो जाता है। इसके बाद का चरण केवल सरोगेट मां से संबंधित होता है। बुजुर्ग माता-पिता की क्षमता पर सवाल अनुचित।
कोर्ट ने सरकार के इस तर्क को खारिज कर दिया कि अधिक उम्र के लोग बच्चों की परवरिश नहीं कर पाएंगे। अदालत ने कहा, सरकार यह तय नहीं कर सकती कि कौन माता-पिता बनने के योग्य है और कौन नहीं। प्रजनन की स्वतंत्रता मौलिक अधिकार का हिस्सा। कोर्ट ने कहा कि प्रजनन का निर्णय व्यक्ति की निजता और स्वतंत्रता का विषय है, जिसे कानून सीमित नहीं कर सकता। उम्र से जुड़ी चिंताएँ विधायिका के लिए विचारणीय हो सकती हैं, लेकिन पहले से बने मामलों पर लागू नहीं की जा सकतीं।






