दुमका। सोमवार की देर रात शराब के अवैध कारोबार पर जामा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है| जामा पुलिस ने पश्चिम बंगाल से झारखंड के रास्ते बिहार ले जायी जा रही अवैध शराब व बीयर की बड़ी खेप को जब्त कर कारोबार में संलिप्त एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है|मामले में मंगलवार को पुलिस विभाग की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि जामा पुलिस को सूचना मिली थी कि एक मेरुन कलर की मारुति सुजुकी कार में अवैध शराब की बड़ी खेप दुमका महारो के रास्ते देवघर की ओर ले जायी जा रही है| मामले की सूचना वरीय पदाधिकारी को दी गई| वरीय पदाधिकारी ने छापेमारी दल का गठन कर जांच का निर्देश पर जामा थाना प्रभारी अजित कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन कर जामा थाना के सामने वाहन जांच अभियान चलाया गया| वाहन जांच के क्रम में रात करीब 1.30 बजे एक मेरुन कलर की मारुति सुजुकी कार को आता देख छापेमारी दल ने रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को देखकर चालक गाड़ी लेकर भागने लगा| छापेमारी दल ने वाहन का पीछा कर वाहन को रोका| इस दरम्यान वाहन चालक भागने में सफल रहा जबकि वाहन में सवार एक व्यक्ति को पकड़ने में सफलता मिली| पकड़ें गए व्यक्ति से नाम पता पूछने पर उसने अपना नाम राजकिशोर राय, उम्र 52 वर्ष पिता सत्यनारायण राय,ग्राम आदर्श नगर नासरीगंज, थाना दानापुर , जिला पटना बताया| पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वो बंगाल से शराब खरीदकर पटना ले जा रहा था| गाड़ी की तलाशी के दौरान डिक्की एवं सीट के नीचे से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब व बीयर बरामद की गई| पकड़ें गए व्यक्ति से बरामद शराब व बीयर से संबंधित कागजात मांगने पर उसने ना तो कोई कागजात दिखाएं और ना ही संतोषजनक जबाब दिया| तत्पश्चात बरामद शराब व बीयर जब्ती सूची बनाकर जब्त करते हुए पकड़े गए व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया| मामले में जामा थाना प्रभारी अजित कुमार के स्वटंकित बयान पर जामा थाना कांड संख्या 96/24 दिनांक 26-11-24 धारा 274/275/292/338/336(3) बी एन एस एवं 47 ए उत्पाद अधिनियम के तहत कांड दर्ज किया गया है| समाचार लिखे जाने तक गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में पदस्थापन हेतु भेजने की तैयारी की जा रही थी|
मामले में जामा थाना प्रभारी अजित कुमार ने बताया कि शराब एवं बीयर के अलावा गाड़ी से दो नंबर प्लेट भी बरामद हुई जिसे जब्त कर लिया गया| इसके अलावा मारुति सुजुकी कार एवं एक मोबाइल फोन जब्त किया गया| छापेमारी दल में थाना प्रभारी अजित कुमार, सहायक अवर निरीक्षक मनोज कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक कौशलेंद्र कुमार सिन्हा, सहायक अवर निरीक्षक विरेन्द्र कुमार, हवलदार सुरेन्द्र मुर्मू, आरक्षी मंजीत किस्कू,नरेश मरांडी, अमित कुमार पाण्डेय,शिव कुमार दास एवं सहायक आरक्षी मदन मोहन शर्मा शामिल थे|




