नई दिल्ली । आईसीसी महिला वनडे विश्व कप 2025 का बहुप्रतीक्षित फाइनल रविवार, 2 नवंबर को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम घरेलू परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेगी, जबकि साउथ अफ्रीकी कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट अपनी टीम को पहला खिताब दिलाने के इरादे से उतरेंगी। दोनों टीमें अब तक महिला विश्व कप जीतने में असफल रही हैं, ऐसे में यह मुकाबला किसी के लिए भी ऐतिहासिक साबित हो सकता है।
हालांकि मैदान पर टकराव से पहले आसमान की चाल ने फैंस की धड़कनें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और चेतावनी दी है कि नवी मुंबई और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज और बिजली गिरने की संभावना है। रिपोर्ट्स के अनुसार, शनिवार को बारिश की संभावना 86 प्रतिशत है जबकि रविवार, यानी फाइनल के दिन, 63 प्रतिशत तक बारिश हो सकती है। खासतौर पर शाम 4 से 7 बजे के बीच बारिश की संभावना सबसे अधिक बताई गई है, जो मैच के परिणाम को प्रभावित कर सकती है।
भारत के फैंस के लिए यह चिंता की बात है, क्योंकि डीवाई पाटिल स्टेडियम में इस टूर्नामेंट के दौरान पहले भी एक मैच बारिश के कारण रद्द हो चुका है। ऐसे में दर्शक और खिलाड़ी दोनों यही उम्मीद कर रहे हैं कि मौसम इस बार खेल का मजा खराब न करे। आईसीसी ने बारिश की स्थिति में रिजर्व डे (3 नवंबर) का प्रावधान रखा है। अगर फाइनल मुकाबला रविवार को पूरा नहीं हो पाता, तो अगले दिन वहीं से खेल फिर शुरू होगा, जहां छोड़ा गया था। हालांकि अगर दोनों दिनों में भी परिणाम नहीं निकलता, तो नियमों के अनुसार भारत और दक्षिण अफ्रीका को संयुक्त विजेता घोषित कर दिया जाएगा।
यह फाइनल न सिर्फ दोनों टीमों के लिए खिताब की लड़ाई है, बल्कि खिलाड़ियों के लिए गौरव और करियर-डिफाइनिंग पल भी साबित होगा। भारत के लिए स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा इस पूरे टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में रही हैं, जबकि साउथ अफ्रीका की लॉरा वोल्वार्ड्ट और मरिज़ाने कैप टीम की सबसे बड़ी ताकत हैं। अब सबकी निगाहें नवी मुंबई के आसमान पर हैं अगर मौसम ने साथ दिया, तो क्रिकेट प्रेमियों को एक यादगार फाइनल देखने को मिलेगा; और अगर बारिश ने बीच में दखल दिया, तो इतिहास में पहली बार महिला विश्व कप का खिताब दो देशों के बीच साझा हो सकता है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


