संताल एक्सप्रेस संवाददाता
अमड़ापाड़ा(पाकुड़) । थाना क्षेत्र के आलूबेड़ा-अमड़ापाड़ा कोयला परिवहन सड़क के पचुवाड़ा मोड़ के समीप स्थित मानव आहार भोजनालय के संचालक प्रमोद कुमार की दिनदहाड़े एक अपराधी ने चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना मंगलवार दोपहर एक बजे की है। मृतक 37 वर्षीय प्रमोद कुमार अमड़ापाड़ा प्रखंड के सीमावर्ती गोपीकांदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुश्चिरा गांव निवासी था एवं पचुवाड़ा मोड़ के समीप बीते आठ महीने से होटल एवं नाश्ते की दुकान कर अपना जीवन यापन करता था। प्रमोद कुमार प्रखंड सहित आस-पास के क्षेत्र में योग प्रशिक्षक के रूप में विख्यात था। घटना की सूचना पुलिस को दी गयी। सूचना मिलते ही पुलिस निरक्षक सह थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, एसआई मृत्युंजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी लेने के साथ छानबीन शुरी कर दी। वहीं पुलिस के पहुंचने से पहले ही मृतक के परिजन एम्बुलेंस के सहारे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर ले गए। जहां चिकित्सक डॉ शिवम कुमार एवं डॉ दानिश ने प्रमोद कुमार को मृत घोषित कर दिया। इधर घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद बड़े भाई को लगाया फोन :- मृतक के बड़े भाई प्रवीण कुमार से मिली जानकारी के अनुसार उसका छोटा भाई प्रमोद कुमार दोपहर में अपने होटल में ही मौजूद था। इसी बीच दोपहर लगभग एक बजकर बीस मिनट पर उसके मोबाइल पर प्रमोद ने फोन किया और सिर्फ इतना कह पाया कि उसे चाकू मार दिया गया है। इतना सुनते ही वह आनन-फानन में अमड़ापाड़ा बाजार से अपने भाई के होटल के लिए निकल पड़े। जबतक वह होटल पहुंचे तबतक प्रमोद कुमार घायल अवस्था मे होटल में ही पड़ा था। आनन फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मेरे छोटे भाई ने मुझे बताया कि जिसने उसे चाकू मारा है उसका नाम होटल में ही एक कॉपी में लिख दिया है।
पुलिस का दावा हत्यारे की हुई है पहचान, जल्द होगी गिरफ्तारी:- पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार शुरुआती छानबीन में हत्यारे की पहचान जयराम तुरी नामक व्यक्ति के रूप में हुई है। हालांकि पुलिस गहराई से मामले की छानबीन कर रही है। थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता व एसआई मृत्युंजय कुमार सिंह ने बताया कि हत्यारे को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कैसे हुई घटना :- प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रमोद कुमार की हत्या के समय उसके होटल का स्टाफ पप्पू कुमार होटल में ही मौजूद था। वह खाना खा रहा था। इसी बीच रेनकोट पहना जयराम तुरी होटल पहुंचा और होटल मालिक प्रमोद कुमार से चावल देने की मांग करने लगा। इसी बीच प्रमोद कुमार ने जयराम तुरी को चावल देने से मना कर दिया। प्रमोद ने कहा कि पहले से ही तुम्हारा 300 रुपया बकाया है ऐसे में हम और चावल नहीं दे सकते। फिर भी प्रमोद ने दरियादिली दिखाते हुए उसे चावल देने पर राजी हो गया और जैसे ही चावल निकालने के लिए होटल के अंदर कमरे में गया। तभी मौका पाकर जयराम तुरी ने प्रमोद के छाती के नीचे चाकू से वार कर दिया। चाकू लगने के बाद प्रमोद चिल्लाने लगा तभी उसका स्टाफ होटल के कमरे में गया तो देखा उसका मालिक लहूलुहान है। तबतक परिजन भी घटनास्थल पहुंच चुके थे। घटना के बाद आरोपी चाकू होटल में ही छोड़कर भाग गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू को जब्त कर लिया है।
आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने किया सड़क जाम :- बेहद शांत स्वभाव व्यक्तित्व प्रमोद कुमार की दिनदहाड़े हुई हत्या से आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों ने प्रमोद के शव के साथ कोयला परिवहन पथ को बरमसिया के समीप जाम कर दिया और अविलंब आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस ने जाम कर रहे लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया लेकिन जाम कर रहे लोग टस से मस नहीं हुए। खबर भेजे जाने तक सड़क जाम था।


