संताल एक्सप्रेस संवाददाता
उधवा- राधानगर थाना क्षेत्र के चांद शहर गांव के एक युवक की हजारीबाग के निकट सड़क हादसे में मौत हो गई. मृतक की पहचान नाजिर शेख के करीब 18 वर्षीय पुत्र सुमित शेख के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि रविवार सुबह सुमित अपने एक साथी के साथ बाइक पर सवार होकर रामगढ़ जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बाइक चला रहे सुमित की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटनास्थल से पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है. हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई. वहीं शव को एंबुलेंस से पैतृक गांव लाने की प्रक्रिया चल रही थी. सोमवार को रात 9 बजे शव पहुंचने की उम्मीद जताई गई है. जानकारी के अनुसार सुमित शेख रामगढ़ में रहकर फेरी का काम करते थे.चांद शहर गांव के कई अन्य लोग भी रामगढ़ में फेरी का काम करते हैं. रविवार को सुमित अपने घर से साथियों के डेरे पर जाने के लिए निकले थे. रामगढ़ पहुंचने से कुछ दूरी पहले ही हजारीबाग के निकट यह हादसा हो गया. पीछे से आए हाइवा की टक्कर ने उनकी जान ले ली. सुमित अपने भाई-बहनों में सबसे छोटे थे और परिवार के सभी लोगों के बेहद प्यारे थे. कम उम्र में बेटे को खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. जिस घर में सुमित की मौजूदगी से रौनक रहती थी. वहां हादसे की खबर के बाद से मातम पसरा हुआ है.
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


