संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहरवा- साहिबगंज जिले के बरहरवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के पास से 18 पुड़िया स्मैक जैसा पदार्थ बरामद किया है.मामले में एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 17(बी)/21(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.पुलिस अधीक्षक कार्यालय साहिबगंज से 12 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 11 अक्टूबर को झिकटिया चौक पर एक व्यक्ति द्वारा स्मैक बेचने की सूचना स्थानीय लोगों से मिली थी.सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए गश्ती दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार यादव को निर्देश दिया गया.निर्देश मिलने के बाद पुलिस टीम झिकटिया चौक पहुंची और स्थानीय लोगों द्वारा बताए गए संदिग्ध को पकड़ लिया.
गिरफ्तार युवक की पहचान शिवा कुमार उम्र 22 वर्ष वर्ष पिता स्वर्गीय अशोक महतो निवासी झिकटिया काली मंदिर के पास थाना बरहरवा जिला साहिबगंज के रूप में हुई है.तलाशी के दौरान उसके पास से 18 पुड़िया स्मैक जैसा पदार्थ बरामद किया गया.पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बरहरवा थाना कांड संख्या 258/26 दिनांक 11 अक्टूबर 2026 के तहत् मामला दर्ज किया है.पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में अपराध में संलिप्तता की बात स्वीकार की है. मामले में पुलिस की जांच जारी है.पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक का पूर्व आपराधिक इतिहास रहा है. उसके विरुद्ध बरहरवा थाना कांड संख्या 115/23, दिनांक 19 जुलाई 2023 को भारतीय दंड विधान की धारा 380, 411 और 457 के तहत मामला दर्ज होने का उल्लेख है.फिलहाल पुलिस प्रतिबंधित नशीले पदार्थों के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है. इस कार्रवाई में बरहरवा थाना और गश्ती दल के पुलिसकर्मी शामिल थे.


