नई दिल्ली । कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर बैन वाले बयान को लेकर सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले ने कहा कि किसी के चाहने भर से किसी पर बैन नहीं लगाया जा सकता। आज के समाज ने संघ को स्वीकार कर लिया है। ऐसे में इस तरह की बात करना गलत है।
आपको बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा था कि सरदार पटेल ने आरएसएस पर प्रतिबंध लगाया था। खरगे से पहले समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी कहा था कि आज भी किसी सरदार की जरूरत है जो फिर से उस विचारधारा पर प्रतिबंध लगाए जिससे बीजेपी का जन्म हुआ।
आरएसएस प्रमुख गोलवलकर को लिखे सरदार पटेल के पत्र का हवाला देते हुए खरगे ने कहा था कि अपने पत्र में सरदार पटेल ने जिक्र किया कि गांधी जी की हत्या के बाद आरएसएस कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया और मिठाई बांटी। आरएसएस और हिंदू महासभा की गतिविधियों के कारण देश में बने माहौल के परिणामस्वरूप गांधी जी की हत्या हुई। इन वजहों से आरएसएस पर प्रतिबंध लगाने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा।






