हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, मुख्य पथ पर आवागमन प्रभावित
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहरवा- थाना क्षेत्र के बरहरवा-फरक्का मुख्य पथ पर केचुआ पुल के समीप मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई. हादसा सीमेंट लोड ट्रक और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर होने से हुआ. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बरहरवा थाना क्षेत्र के मोगलपाड़ा गांव के निवासी बताई जा रही है. बताया जाता है कि वह मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे.इसी दौरान केचुआ पुल के पास उनकी बाइक की सीमेंट लोड ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बाइक सवार की मौत हो गई.घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. हादसे में व्यक्ति की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने बरहरवा-फरक्का मुख्य पथ को जाम कर दिया. सड़क जाम होने से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई.ग्रामीणों में घटना को लेकर काफी नाराजगी देखी गई.लोग सड़क हादसों पर रोक लगाने और संबंधित मामले में उचित कार्रवाई की मांग कर रहे थे.घटना की सूचना मिलने पर पुलिस को जानकारी दी गई. वहीं सड़क जाम के कारण राहगीरों एवं वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा.इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों में शोक की लहर है. वहीं क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं.



