कलबुर्गी । कर्नाटक के कलबुर्गी जिले के चित्तापुर तालुक के लाडलापूर गांव के समीप शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। यह हादसा क्रूजर वाहन और एक तेज रफ्तार ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर से हुआ।
मृतक चित्तापुर तालुक के इंगळगी गांव के निवासी बताए गए हैं और सभी एक ही परिवार से संबंधित थे। मृतकों की पहचान टोलू पाशा (27), महिबूब (45), हुसेनी बुड़ान शाहा (48), रसूल बी (42) और फातिमा (38) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंगळगी गांव के एक बीमार व्यक्ति को इलाज के लिए यादगीर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में भर्ती कराने के बाद परिवार के सदस्य क्रूजर वाहन से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान देर रात लाडलापूर गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने क्रूजर वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि क्रूजर वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है। इस संबंध में वाडी पुलिस थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


