जामताड़ा : चुनावी माहौल में जहां सभी प्रत्याशी विकास करने का दम्भ भरते हुए लोगों के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं, वहीं 10 वर्षों से इस विधानसभा सीट पर अपनी पकड़ बनाकर रखने वाले निवर्तमान ग्रामीण विकास मंत्री और कांग्रेस के प्रत्याशी डॉक्टर इरफान अंसारी ने हिंदू गांव को उपेक्षित रखा। जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के शहरडाल पंचायत, बरजोरा पंचायत के विभिन्न गांव में भ्रमण करने के उपरांत लोगों से बातचीत का जो नतीजा सामने आया उससे यह पता चलता है कि जिन आदिवासी गांव में डॉक्टर इरफान अंसारी आज तक नहीं गए वहां की महिलाओं को भी धोती, साड़ी और कंबल का लाभ मिला जबकि वहीं पर सेट हुए हिंदू गांव में लोग इस लाभ से भी वंचित हैं। पियालसोला गांव के विमान शाहा कहते हैं कि डॉक्टर इरफान अंसारी के 10 वर्षों के कार्यकाल का हमारे गांव में कोई लाभ नहीं मिला। हमलोग उनके कार्यकाल से खुश नहीं हैं। शहरडाल पंचायत के गादी टोला के गणेश गोरांय कहते हैं कि 10 वर्षों में कभी हमने अपने विधायक को अपने गांव में नहीं देखा। ऐसे में विकास क्या हुआ होगा इसका अंदाज आप खुद लगा सकते हैं। शहरडाल के ही सुबोध पाल कहते हैं कि स्थानीय विधायक 10 वर्षों में कभी हमारे गांव नहीं आए। समय-समय पर उनके कार्यकर्ता गांव में साड़ी पहुंचते हैं। आपको बता दें कि वह 7 हाथ का साड़ी है, जो पहनने के काम नहीं आ सकता। इसके अलावा हमलोग उनके द्वारा किए हुए किसी काम को नहीं जानते। गोराईंनाला गांव के गौतम मजुमदार कहते हैं कि गोराईंनाला गांव से होकर कई आदिवासी और मुस्लिम गांव का रास्ता जाता है, इसीलिए यहां सड़क भी है, नहीं तो हम लोग आज सड़क के लिए मांग कर रहे होते। विधायक ने इस गांव में कुछ दिया हो ऐसा मेरी जानकारी में नहीं है। झगरागोड़ा गांव के साहेबलाल मरांडी विधायक के नाम पर काफी आक्रोशित दिखाई दिए। साहेबलाल ने कहा कि आज इरफान अंसारी आदिवासी के वोट के दम पर इस विधानसभा में जीतता है, लेकिन आदिवासी महिला के ऊपर टिप्पणी करके अच्छा नहीं किया हम लोग इसका विरोध करते हैं।



