नई दिल्ली । भारतीय बाजार में 100सीसी सेगमेंट की बाइक्स अब भी सबसे ज्यादा बिकने वाली श्रेणी हैं। बेहतर माइलेज, टिकाऊपन और किफायती रखरखाव के कारण ये मोटरसाइकिलें आज भी आम उपभोक्ता की “परफेक्ट डेली राइड” बनी हुई हैं। भारत का दोपहिया वाहन बाजार अब दुनिया में सबसे बड़ा माना जाता है, और यहां 100सीसी इंजन वाली बाइक्स की बिक्री सबसे अधिक होती है। ये बाइक्स भारतीय उपभोक्ताओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई जाती हैं कम कीमत, बेहतर माइलेज और आसान रखरखाव इन्हें खास बनाते हैं।
ऑफिस जाने वालों से लेकर कॉलेज छात्रों तक, हर वर्ग के लिए यह एक भरोसेमंद सवारी है। हीरो की एचएफ डीलक्स लंबे समय से इस सेगमेंट में अपनी पकड़ बनाए हुए है। 97सीसी इंजन और आई3एस टेक्नोलॉजी के साथ यह करीब 70 किमी प्रति लीटर का माइलेज देती है। यह बाइक शहर और हाईवे दोनों पर आरामदायक सवारी का अनुभव कराती है। वहीं टीवीएस स्पोर्ट 110सीसी इंजन के साथ स्टाइल और कम्फर्ट का बेहतरीन मेल है।
हल्की बनावट और आधुनिक डिजाइन के कारण यह ट्रैफिक में आसानी से चलती है। होंडा शाइन 100 98.98सीसी इंजन वाली बाइक है, जो स्मूद परफॉर्मेंस और 67 किमी प्रति लीटर तक का माइलेज देती है। इसका कंबाइंड ब्रेकिंग सिस्टम और लंबी सीट इसे पारिवारिक उपयोग के लिए उपयुक्त बनाते हैं। बजाज प्लेटिना 100 अपने 75 किमी प्रति लीटर के माइलेज और सॉफ्ट सस्पेंशन के लिए जानी जाती है। यह लंबे सफर के लिए आरामदायक और फ्यूल एफिशिएंट विकल्प है। वहीं हीरो स्प्लेंडर प्लस वर्षों से अपनी मजबूती और भरोसे के लिए मशहूर है। 97.2सीसी इंजन और कम मेंटेनेंस लागत के कारण यह लाखों लोगों की पसंद बनी हुई है।


