रांची । हजारीबाग एसडीएम शैलेश कुमार और नोवामुंडी अंचलाधिकारी चाईबासा मनोज कुमार के ठिकानों पर चले रहे एसीबी की रेड खत्म हो गई। दूसरे दिन छापेमारी खत्म होने के बाद एसीबी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि हजारीबाग एसडीओ शैलेश कुमार के विभिन्न ठिकानों से 22 लाख नकद, 11 जमीन के डीड, 11 पीस मोबाइल, दो लैपटॉप और एक टैब जब्त किया गया है। वहीं, नोवामुंडी अंचलाधिकारी मनोज कुमार के ठिकाने से धनबाद जिले में 4 डिसमिल और 6 डिसमिल जमीन संबंधी दस्तावेज, रांची में करीब 1.02 करोड़ का एक डुप्लेक्स संबंधी दस्तावेज, आवास से प्राप्त एसबीआई का पासबुक और दो मोबाइल शामिल है।बुधवार की सुबह शुरु हुई कार्रवाई देर शाम तक चलने के बाद एसीबी की टीम दोनों अधिकारी शैलेश कुमार और मनोज कुमार को पूछताछ के नाम पर रांची लेकर लौटी। इस दौरान दोनों से एसीबी के अधिकारियों ने पूरे मामले में पूछताछ की।पूछताछ के बाद दूसरे दिन एसीबी की टीम ने कई अन्य जगहों पर भी छापेमारी की, जिस दौरान कई सामान मिले. गुरुवार को एसीबी की रेड खत्म होने और पूछताछ की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों अधिकारी को छोड़ दिया गया है। एसपी ने बताया कि एक जून को रांची के सदर थाना (कांड संख्या 272/2023 ) का अनुसंधान पूर्व में सीआईडी की ओर से किया जा रहा था। बाद में झारखंड सरकार ने भ्रष्टाचार के बिंदु पर इस केस की जांच एसीबी से कराने का आदेश दिया। सरकार के आदेश पर एसीबी ने मामला दर्ज कर जांच शुरु की। इसके बाद एसीबी के न्यायालय को को विधिवत सूचित करते हुए वर्तमान में इसका अनुसंधान एसीबी कर रही है। अनुसंधान के कम में शैलेश कुमार, मनोज कुमार के खिलाफ सुसंगत एवं ठोस साक्ष्य एकत्रीकरण के उद्देश्य से न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त कल 11 सितंबर को दोनों पदाधिकारियों के पदस्थापन कार्यालय, आवास सहित अन्य संबंधित स्थानों रांची ,हजारीबाग, चाईबासा एवं गिरिडीह जिले में एसीबी की गठित कुल छह टीम ने छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि 11 सितंबर को किए गए छह स्थान पर तलाशी के दौरान दोनों आरोपितों से पूछताछ के दौरान उनके द्वारा बताये गए अन्य स्थानों की जानकारी प्राप्त होने के बाद गुरुवार को दोनों आरोपितों के साथ उनके बताए उनके नए आवासीय स्थानों की तलाशी के लिए रांची के अन्य जगहों पर एसीबी टीम के जरिये अलग-अलग छापेमारी की गयी।






