सीएम सैनी लाडवा से लड़ेंगे चुनाव, इंद्रजीत की बेटी आरती पर जताया भरोसा
चंडीगढ़ । हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने 67 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। इसमें हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी भी शामिल हैं, जो लाडवा सीट से चुनाव लड़ेंगे। सीएम सैनी 10 सालों में चौथी बार अलग सीट से चुनाव मैदान में उतरने जा रहे हैं। उन्होंने 2014 के विधानसभा चुनाव में नारायणगढ़ सीट से जीत हासिल की थी। इसके बाद 2019 में वह लोकसभा चुनाव कुरुक्षेत्र से लड़े और जीते। इसी साल की शुरुआत में तत्कालीन सीएम मनोहर लाल खट्टर ने पद से इस्तीफा दिया तो नायब सिंह को हरियाणा का सीएम बनाए गया और उन्होंने करनाल विधानसभा सीट से उपचुनाव में जीत हासिल की।
वहीं अब वह कुरुक्षेत्र लोकसभा के तहत आने वाली लाडवा सीट से चुनाव लड़ेंगे। इस तरह लगातार चौथी बार उनकी सीट बदली है। करनाल विधानसभा से सीएम सैनी की जगह पर जगमोहन आनंद को टिकट दिया गया है। बीजेपी ने सूची में ओबीसी प्रत्याशियों को प्राथमिकता दी है क्योंकि वह तीसरी बार सत्ता में आने के लिए सबको साधना चाहते हैं। इसके अलावा चर्चित चेहरों पर भी बीजेपी ने दांव लगाया है ताकि ऐंटी-इनकम्बैंसी फैक्टर की काट नेताओं के प्रभाव से की जा सके। जैसे राव इंद्रजीत सिंह की बेटी आरती सिंह राव को अटेली से टिकट दिया है।
इसके अलावा कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी भी इस सूची में शामिल हैं। कैप्टन अभिमन्यु और ओमप्रकाश धनखड़ जैसे नेता भी बीजेपी सूची में शामिल हैं। अनिल विज एक बार फिर अंबाला कैंट सीट से उतरने जा रहे हैं। यही नहीं मजबूत चेहरों को उतारकर बीजेपी भी आत्मविश्वास में लग रही है। वहीं मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि अब तक कांग्रेस और आम आदमी पार्टी अलग-अलग ही लड़ रहे थे लेकिन अब साथ आने की बात हो रही है। दोनों गठबंधन करने में जुटे हैं। इससे पता चलता है कि बीजेपी की स्थिति मजबूत है और कांग्रेस अकेले उतरने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही है।
बीजेपी ने हरियाणा चुनावों में एक तरफ नामी चेहरों को उतारा है तो वहीं नौ मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए हैं। पलवल विधायक दीपक मंगला, फरीदाबाद के नरेंद्र गुप्ता, गुरुग्राम के सुधीर सिंगला, कैबिनेट मंत्री रंजीत चौटाला समेत कुल नौ विधायकों का पत्ता काट दिया है। अटेली से सीताराम यादव का टिकट कटा है और उनके स्थान पर राव इंद्रजीत सिंह की बेटी आरती को मौका दिया गया है।


