संताल एक्सप्रेस संवाददाता
साहिबगंज – साहिबगंज जिले के बरहेट बाजार स्थित छोटा मस्जिद के सामने गली में शुक्रवार को पुलिस ने छापेमारी कर एक हुंडई आई 10 कार से 900 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है.पुलिस के द्वारा की गई इस कार्रवाई के दौरान कुछ लोग पुलिस को देखकर फरार हो गया.पुलिस ने कफ सिरप के साथ कार जब्त कर लिया है.साथ ही फरार आरोपितों की पहचान व तलाश में जुटी है. पुलिस के अनुसार 22 अक्टूबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर खड़ी कार में अवैध सामान रखा हुआ है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार की तलाशी ली. इस दौरान ऑनरेक्स नामक कफ सिरप की 900 बोतलें बरामद की गई. प्रत्येक बोतल 100 एमएल की है. इनमें 300 बोतलें एक बोरे से तथा 600 बोतलें पांच कार्टून से मिलीं. पुलिस ने डब्लू बी 40 एस 5431 नंबर की हुंडई आई 10 कार और सभी बोतलों को जब्त कर लिया. मामले में बरहेट थाना कांड संख्या 128/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट एवं ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले में जांच शुरू कर दी है.छापेमारी दल में सअनि विक्रम कुमार, अरविंद कुमार दास, धनंजय कुमार मंडल सहित बरहेट थाना के सशस्त्र बल और चौकीदार शामिल थे.
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


