मधुपुर संताल एक्सप्रेस :-सूबे के अल्पसंख्यक कल्याण एवं पर्यटन मंत्री और मधुपुर विधानसभा सीट से इंडिया गठबंधन के झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रत्याशी हफीजुल हसन ने मधुपुर विधानसभा क्षेत्र के करो प्रखंड के दर्जनों गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया। अभियान के दौरान उन्होंने जनता को अपने पिछले तीन वर्षों में किए गए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा,”बिना भेदभाव के सभी गांवों में सड़क,पुल-पुलिया जैसी बुनियादी सुविधाओं का जाल बिछाया गया है. अब फैसला आप जनता के हाथ में है,आप ही न्याय के तराजू पर कसौटी तय करेंगे.”हसन ने जनता से एक बार फिर समर्थन की अपील करते हुए कहा,”मुझे एक और मौका दें, जो भी काम बाकी हैं,उन्हें एक साल के अंदर पूरा करके दिखाऊंगा.ऐसा कोई काम नहीं बचेगा,जिसे जनता यह कह सके कि यह नहीं हुआ है.” उन्होंने जनता को सावधान करते हुए कहा,”किसी के बहकावे में न आएं. जातिवाद से ऊपर उठकर अपने क्षेत्र के बेटे को समर्थन दें और मुझे एक बार फिर सेवा का अवसर दें।”हसन ने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा,”मैंने पिछले तीन साल में जितना विकास किया है,भाजपा उसे अपने पूरे 18 वर्षों के शासन में नहीं कर पाई. जनता खुद निर्णय करे कि भाजपा किस मुंह से वोट मांगने आएगी.” उन्होंने कहा कि उन्होंने धार्मिक स्थलों, श्मशान घाटों, कब्रिस्तानों का सौंदर्यीकरण, सड़क और पुल-पुलिया के निर्माण जैसे कामों की रफ्तार से रिकॉर्ड कायम किया है। “चाहे ग्रामीण क्षेत्र हो या शहरी, आज मधुपुर विधानसभा क्षेत्र में हमारे द्वारा किए गए विकास कार्यों की चर्चा हर जुबान पर है।”महिलाओं के उत्थान के लिए भी कई योजनाएं लागू की गई हैं, जिनका असर धरातल पर स्पष्ट दिखाई दे रहा है। क्षेत्र के भ्रमण में उन्होंने केलीबाद, बुढ़ियाबाद, नागादेरी, धनियाडीह, जोगीडीह, तुलसीतांड, बदिया, जगाडीह जैसे दर्जनों गांवों का दौरा कर झामुमो के पक्ष में मतदान की अपील की। इस अवसर पर गुलाम अशरफ राजू, भागीरथ गोस्वामी, जितेंद्र यादव, समीर आलम, मिट्ठू सिंह सहित कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




