विपक्षी पार्टियों की सरकार वाले राज्यों में केंद्र से नहीं पहुंची राहत
सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पंजाब को दिया नोटिस
नई दिल्ली । सुप्रीम कोर्ट ने हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और पंजाब में बारिश से हो रही तबाही पर चिंता जताई है। कोर्ट ने गुरुवार को कहा कि यह सिर्फ प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि इंसानों का पैदा किया गया संकट है। कोर्ट ने कहा कि पहाड़ों पर अवैध पेड़ कटाई ने प्रकृति को क्रोधित कर दिया है, अब वह बदला ले रही है। सुप्रीम कोर्ट का साफ संदेश है कि आपदा के लिए केंद्र और राज्य सरकारें जिम्मेदार हैं। मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की बेंच ने गुरुवार को अनामिका राणा की याचिका पर सुनवाई के दौरान यह बात कही है। कोर्ट ने केंद्र और इन चारों राज्यों समेत राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, पर्यावरण मंत्रालय, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को नोटिस भेजा और तीन हफ्तों में जवाब मांगा। साथ ही केंद्र से ठोस कदम उठाने की कहा है। उधर, विपक्ष का आरोप है कि केंद्र सरकार विपक्षी दलों की सरकार वाले राज्यों में कोई राहत नहीं पहुंचा रही है। इससे राज्यों की जनता में आक्रोश है। प्रकृति पेड़ों की कटाई का बदला ले रही है याचिकाकर्ता अनामिका राणा ने कोर्ट में कहा कि हिमाचल में बाढ़ के दौरान बड़ी संख्या में लकडिय़ां बहकर आईं, जिससे साफ है कि बड़े पैमाने पर पेड़ों की अवैध कटाई हुई है। अगली सुनवाई दो हफ्ते बाद होगी। इस पर बेंच ने सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता से कहा कि इन आपदाओं के पीछे पहाड़ों पर अवैध पेड़ कटाई एक बड़ी वजह है। पेड़ों की अवैध कटाई हो रही है इसलिए अब प्रकृति बदला ले रही है। मेहता ने कहा कि वह पर्यावरण और वन मंत्रालय के सचिव से संपर्क करेंगे और उनसे पूरी जानकारी मांगेंगे।

उन्होंने कहा कि हमनें प्राकृतिक चीजों के साथ हस्तक्षेप किया है कि अब वह हमें नुकसान पहुंचा रही है। मुख्य न्यायाधीश ने इस बात पर सहमति जताई। राज्यों में बिगड़े हालात दिल्ली में यमुना का पानी शहर के अंदर घुस गया है। गुरुवार को शहर के कई इलाकों में 3-4 फीट तक पानी भरा है। मयूर विहार फेज-1 में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए बने राहत शिविरों में यमुना का पानी भर गया। अलीपुर में नेशनल हाईवे-44 पर फ्लाईओवर का एक हिस्सा धंस गया। मध्य प्रदेश के उज्जैन में क्षिप्रा का जलस्तर बढऩे से घाट किनारे के मंदिर डूब गए हैं। उनके गुंबद तक पानी आ गया है। रतलाम में रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर 4 पानी में डूबा है। राजस्थान में दौसा जिले के कई इलाकों में गुरुवार को बारिश हुई। सिकराय सहित कई इलाकों के बाजारों में पानी भर गया। अजमेर में जेएलएन हॉस्पिटल और मेडिकल कॉलेज पानी में आधा डूब गया है। पंजाब के सभी 23 जिलों में बाढ़ आ गई है। 1,655 गांवों में 3.55 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। 1 अगस्त से 3 सितंबर तक बाढ़ में 37 लोगों की मौत हुई है। रोपड़ के गांव नारंगपुर (बारी) में गुरुद्वारा तपस्तान बीबी मुमताजगढ़ साहिब की दीवार ढह गई। यूपी के पीलीभीत में 25 गांव और मथुरा में 6 गांव बाढ़ में डूब गए हैं। आगरा में यमुना का पानी ताजमहल तक पहुंच गया है। हरियाणा के भी कई इलाके बाढ़ में डूबे हैं। राज्य में 11 लोगों की मौत हुई है।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में गुरुवार सुबह लैंडस्लाइड में दो घर ढह गए। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। 6 लोग अंदर फंस गए हैं। कुल्लू लैंडस्लाइड में 6 लोग दबे हिमाचल प्रदेश में कुल्लू के अखाड़ा बाजार में गुरूवार सुबह तडक़े लैंडस्लाइड से दो घर क्षतिग्रस्त हो गए। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह लोग मलबे में दबे बताए जा रहे है। 7 घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद भी इनका सुराग नहीं लग पाया। हालांकि, 3 लोगों को हादसे के एक घंटे के भीतर ही सुरक्षित रेस्क्यू कर दिया गया था। कुल्लू के ही देवधार में लैंडस्लाइड से 5 घरों को भी खतरा पैदा हो गया है। इन्हें खाली करवा दिया गया है। उधर, भरमौर में अभी भी 700 लोग फंसे हुए हैं। सडक़ें क्षतिग्रस्त होने से लोग घरों को नहीं जा पा रहे। सेना का एक हेलिकॉप्टर और 2 छोटे चॉपर सुबह से ही इन श्रद्धालुओं को एयर-लिफ्ट करने में जुटे हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने भरमौर में फंसे मणिमहेश यात्रियों के रेस्क्यू के लिए केंद्र से 5 हेलिकॉप्टर मांगे हैं। भारी बारिश से प्रदेश 5 नेशनल हाईवे समेत 1359 सडक़ें बंद पड़ी हैं। प्रदेश में इस मानसून सीजन में सामान्य से 46 प्रतिशत ज्यादा बारिश हो चुकी है। एक जून से 2 सितंबर के बीच 630.2 मिलीमीटर सामान्य बारिश होती है, लेकिन इस बार 921.4 मिलीमीटर बादल बरस चुके हैं।





