शेखर सुमन
देवघर । निजी स्कूलों के तर्ज पर झारखंड के सरकारी स्कूल को इन दिनों मॉडर्न टेक्नोलॉजी के साथ शिक्षा देने की तैयारी चल रही है. सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के खोले जाने के बाद अब राज्य सरकार ऑनलाइन डिजिटल शिक्षा देने पर जुटी है. इसी कड़ी में बुधवार को स्कूलनेट इंडिया लिमिटेड, रांची से आए अडॉप्शन एंड इंगेजमेंट कोऑर्डिनेटर,उमेश कुमार ने बताया कि झारखंड सरकार ने डिजिटल भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए जे-गुरुजी का शुरुआत किया है। यह अभिनव पहल चल रहे डिजिटल परिवर्तन का हिस्सा है, जो झारखंड के स्कूलों में सीखने की प्रणाली को बढ़ाने के लिए वेब और मोबाइल ऐप की विशेषताओं को सहजता से जोड़ती है। जे-गुरुजी डिजिटल और ऑडियो पुस्तकें, शिक्षण वीडियो, प्रश्न बैंक, रिकॉर्ड किए गए और लाइव कक्षाएं,मूल्यांकन,आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) -संचालित सिफारिशें और बहुत कुछ प्रदान करता है। इसका उद्देश्य छात्रों,शिक्षकों और प्रशासकों के लिए व्यापक सीखने का अनुभव प्रदान करना है। इस ऐप में अभी लगभग नौ हजार शिक्षण सामग्री विडियोज एवं पैंसठ हजार से ज्यादा क्वेश्चन सेट उपलब्ध कराया गया है और लगातार जे गुरुजी के नए वीडियो अपलोड किए जा रहे है। इस पहल के साथ, झारखंड डिजिटल ऐप-सक्षम शिक्षा को अपनाने और लागू करने वाले अग्रणी राज्यों में से एक बन गया है। वर्तमान में इस ऐप में एक लाख सत्तर हजार छात्र एवं लगभग साठ हजार शिक्षक पंजीकृत है और हमारा लक्ष्य झारखण्ड के सभी छात्रों को शामिल करना है। इस ऐप में एक बार पंजीकरण करने के बाद बच्चे अपने कक्षा का विषय वस्तु पढ़ सकते है साथ ही खुद का मूल्यांकन कर सकते है वैसे ही शिक्षक भी इस ऐप में पंजीकरण करने के बाद ही उपयोग कर सकते है। इस ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कर शिक्षक ई-विद्या वाहिनी के यूजर कोड और छात्र, यूनिक कोड की सहायता से लॉगिन कर सकते हैं। लॉगिन या उपयोग करने में अगर कहीं दिक्कत आ रही हो तो हेल्पलाइन नंबर-06513521301 मदद लिया जा सकता है। मौके पर उमेश कुमार के द्वारा राजकीयकृत विवेकानंद मध्य विद्यालय देवघर, सीएम.एस.ओ.ई. गर्ल्स मातृमंदिर देवघर, एवं श्री मोहनानंद +2 उच्च विद्यालय तपोवन के बच्चों एवं शिक्षकों को जे–गुरुजी ऐप के माध्यम से पढ़ाई करने पर जोर दिया। वहीं राजकीयकृत विवेकानंद मध्य विद्यालय देवघर के प्रधानाध्यापक फुलेंद्र करमाली ने बताया कि जे गुरुजी ऐप के होने से बच्चों को पढ़ाने में और रेल के माध्यम से साप्ताहिक मूल्यांकन परीक्षा लेने में बहुत ही आसानी होती है। हम सब भी किसी भी तरह के कन्फ्यूजन होने पर जे गुरुजी ऐप का मदद लेते है। श्री श्री मोहनानंद +2 उच्च विद्यालय में दसवीं कक्षा में अध्ययनरत मुस्कान कुमारी,रोशनी कुमारी, स्नेहलता कुमारी,क्षमा कुमारी एवं अन्य छात्रों ने खुशी जाहिर करते हुए बताया की इस ऐप के माध्यम से हर डाउट क्लियर करते है, साथ ही मल्टीपल चॉइस क्वेश्चन की भी प्रैक्टिस भी करते है। और एक दिन पहले ही अगले दिन होने वाले विषय वस्तु के बारे में वीडियो देख लेते हैं जिससे क्लास में जब शिक्षक बताते हैं तो आसानी से समझ आ जाती है।




