पीड़ित छात्रा पर थी कई दिनों से नजर, पिकनिक पर छात्रा से की थी छेड़छाड़
कोलकाता । साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज में सामूहिक दुष्कर्म की जांच चल रही है। इसी बीच मुख्य आरोपी मनोजीत मिश्रा को लेकर नए खुलासे हुए हैं। कुछ छात्राओं का कहना है कि मनोजीत लड़कियों को फ्लैट पर ले जाने का ऑफर देता था। वहीं, कई मौकों पर उसने छात्राओं के साथ अश्लील व्यवहार भी किया है। वहीं बताया जा रहा है कि पीड़ित छात्रा लंबे समय से मनोजीत के निशाने पर थी। घटना की जांच कर रहे जांच दल के अधिकारियों ने पाया कि तीन आरोपी मनोजीत मिश्रा, प्रोमित मुखर्जी और जैद का कॉलेज की छात्राओं का यौन उत्पीड़न करने का इतिहास रहा है। चौथा आरोपी कॉलेज का सुरक्षा गार्ड है।
मीडिया रिपोर्ट में अधिकारी के हवाले से बताया गया है कि तीनों इस तरह की घटनाओं को अपने मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड करते थे और बाद में फुटेज का इस्तेमाल पीड़ितों को ‘ब्लैकमेल’ करने के लिए करते थे। एक रिपोर्ट के मुताबिक कॉलेज में पढ़ने वाली सेकंड ईयर की एक छात्रा ने पिकनिक के दौरान हुई एक के बारे में बताया। उसने बताया कि मनोजीत ने उन्हें भी निशाना बनाया था। छात्रा ने कहा कि पिकनिक के दौरान मनोजीत चाहता था कि मैं और मेरी दोस्त एक कमरे में आएं और पार्टी करें। मुझे मेरे सीनियर्स ने पहले ही अलर्ट कर दिया था, तो मैं नहीं गई।
छात्रा ने कहा लेकिन मेरी दोस्त उसके साथ चली गई। उसने बाद में मुझे बताया कि मनोजीत ने उसे आपत्तिजनक तरीके से छुआ था। वह बहुत ही असहज महसूस कर रही थी, लेकिन उसने उसके खिलाफ कोई शिकायत नहीं की। छात्रा ने आरोप लगाए कि मनोजीत ने उससे कहा था कि अगर वह शिकायत करती है, तो उसके लिए गवाह जुटाना मुश्किल हो जाएगा। छात्रा ने कहा कि पिकनिक खत्म होने के बाद ऑटो से लौटते समेत मनोजीत एक सीनियर छात्रा की गोद में बैठ गया था।
रिपोर्ट के मुताबिक एक छात्र ने कहा कि मनोजीत ने अगस्त 2023 में उसे ऐसे लोगों को खोजने के लिए कहा था, जो कॉलेज में सीट खरीदना चाहते हैं। पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया है कि पूरे मामले की पहले से ही साजिश रची गई थी। तीनों की कई दिनों से पीड़िता पर नजर थी। हमें पता चला है कि कॉलेज में दाखिले के पहले दिन से मुख्य आरोपी पीड़िता पर नजर रख रहा था। अधिकारी ने कहा कि रविवार को आरोपी मुखर्जी और जैद के घरों की तलाशी ली गई। हम इससे और संभवत: अन्य मामलों से संबंधित फुटेज की तलाश कर रहे हैं।
अधिकारी ने कहा कि हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या उन वीडियो क्लिप को आगे फॉरवर्ड किया गया या किसी अन्य समूह के साथ साझा किया गया। इस मामले में हमें उन लोगों से भी संपर्क करना होगा जिन्हें ये वीडियो क्लिप मिले हैं। एक जांच अधिकारी ने बताया कि महाविद्यालय से प्राप्त सीसीटीवी फुटेज से छात्रा की सामूहिक दुष्कर्म के आरोपों की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि सात घंटे से अधिक समय की फुटेज में महाविद्यालय परिसर के आसपास की गतिविधियां दर्ज हुई हैं, जिसमें पीड़िता को गार्ड के कमरे में जबरदस्ती ले जाने की घटना भी शामिल है।






