— बाजार में सौ रूपये पीस बिकी कद्दू, छठ महापर्व का खरना आज
गोड्डा : जिला मुख्यालय सहित सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में आस्था विश्वास के साथ मनाया जाने वाला चार दिवसीय लोक आस्था का महान पर्व छठ मंगलवार को नहाय- खाय के साथ शुरू हो गया। पर्व के प्रथम दिन व्रति महिलाओं ने नदी- सरोवर में स्नान करने के बाद पूजा घरों में नेम निष्ठा के साथ शुद्ध घी से कद्दू -भात बनाया। इसे भगवान को अर्पित करने के उपरांत श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया। इसके उपरांत आम लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। छठ व्रत को लेकर आसपास क्षेत्र की पूरी तरह सफाई की गई है। प्रसाद बनाने के समय भी पूरी तरह सफाई व एक- एक चावल को चुन-चुनकर उसका प्रसाद बनाया गया है। जबकि बुधवार को दूसरे दिन खरना मनाया जायेगा। इसमें परंपरा के अनुसार व्रति दूध या ईख के रस का खीर व रसिया का महाप्रसाद बनाती हैं। इसे भी नेम-निष्ठा के साथ भगवान को अर्पित करने के उपरांत शाम में अघर्य अर्पित किया जाता है। जबकि तीसरे दिन गुरवार को संबंधित नदी या सरोवर के छठ घाट के जल में खड़ा होकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य देने व अंतिम दिन शुक्रवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा है। परंपरा के अनुसार पानी में खड़ा रहकर ही अर्घ्य दिया जाता है इसलिए नदी या सरोवर के तट पर मनोरम घाट बनाये जा रहे हैं। ताकि पानी में खड़ा रहकर अर्घ्य दिया जा सके। छठ व्रत की तैयारी को लेकर एक माह पूर्व से ही सफाई व छठ घाट निर्माण की कवायद चल रही है। इसमें सफाई का अधिक महत्व है। इसलिए हर जगह छठ पर्व में सफाई का एक अभियान चल रहा है। छठ में जहां गंदगी का अंबार सालोंभर रहता है वह स्थान भी मनोरम बन जाता है।इसी से छठ पर्व में श्रद्धा व स्वच्छता परिलक्षित होता है। छठ पूजा को सफल बनाने को लेकर व्रतियों व श्रद्धालुओं द्वारा पूजन सामग्रियों की खरीददारी जारी है। पूरे बाजार में जगह- जगह विभिन्न सामानों की दुकानें पिछले एक सप्ताह से सजी हैं। यहां श्रद्धालु अपनी मन पसंद वस्तुओं की खरीददारी कर रहे हैं। महंगाई के बावजूद श्रद्धालुओं के छठ पर्व को लेकर उत्साह का माहौल है। बाजार में सोमवार व मंगलवार को कदूदू की कीमत आसमान छूने लगी। एक -कद्दू 100- 200 तक बिकी। जबकि अन्य दिन 20-30 रूपये में बिक रही थी। जबकि सूप 300- 400 रूपये जोड़ा, डाला-300 रुपये पीस,छोटा डाला- 200 रूपये पीस, नारियल 80-100 रूपये जोड़ा, टाभा नींबू 60 रूपये जोड़ा, सकरकंद 40-60 रूपये प्रति किग्रा, केला 500-700 रूपये खानी, ईख 30 रूपये पीस के हिसाब से बिक रही है। इसमें में लोग तोल-भाव करके खरीददारी में जुटे हैं।



