महगामा प्रतिनिधि गोड्डा/ लोक आस्था के चार दिवसीय छठ महापर्व को लेकर संपूर्ण वातावरण भक्ति के रंग में रंग चुका है। छठी मईया के पारंपरिक गीत-संगीत से संपूर्ण वातावरण गुंजायमान हो रहा है। घर-घर में छठ पूजा की तैयारी विधि-विधान से चल रही है। इस बीच, लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ का शुभारंभ मंगलवार से हो रहा है। नहाय-खाय के साथ महापर्व के पहले दिन छठ व्रती कद्दू की सब्जी, अरवा चावल का भात व चना की दाल का भोजन कर व्रत की शुरुआत करेंगी। वहीं महापर्व के दूसरे दिन बुधवार को खरना होगा। खरना के 24 घंटे का निर्जला व्रत रखकर व्रती संध्या में मिट्टी के बने चूल्हे पर साठी के चावल व दूध से बने रसिया व रोटी का प्रसाद ग्रहण कर गुरुवार को अस्ताचलगामी सूर्य व शुक्रवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर चार दिवसीय महाव्रत पूरा करेंगी। नहाय-खाय को लेकर बाजार में कद्दू की बिक्री में तेजी आ गई है। कद्द के बढ़ती बिक्री के साथ ही कद्दू के भाव भी बढ़ने लगे हैं। बाजार में 50 से 60 रुपये से कम में एक भी कद्दू नहीं मिल रहा है। लोग कद्दू की खरीदारी समय से पूर्व कर ले रहे हैं, ताकि नहाय-खाय के दिन कद्दू की आवक यदि बाजार में कम हो भी जाए तो उन्हें इससे असुविधा नहीं हो। छठ महापर्व को लेकर बाजार में पूजन सामग्री की दुकानें सजने लगी हैं। शहर के बसवा चौक पर दुकान पर खरीदारों की भीड़ जुटने लगी है। महागामा बाजार की दुकान सज चुकी है।



