संताल एक्सप्रेस संवाददाता
अमड़ापाड़ा(पाकुड़) । भाजपा प्रत्याशी बाबुधन मुर्मू ने सोमवार को प्रखंड क्षेत्र के कई गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया और मतदाताओं को अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने पचुवाड़ा पंचायत के बरमसिया, रांगा हरिजन टोला, केवटटोला, पाडेरटोला, आलूबेड़ा, खंडोकाटा, बरगो सहित अन्य गांवों में मतदाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 40 वर्षों से अधिक समय से इस विधानसभा क्षेत्र में झामुमो का ही विधायक रहा है लेकिन इस क्षेत्र के लोग आज भी रोजगार के लिए दूसरे राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं। जबकि अमड़ापाड़ा में दो दो कोयला खदान है। यहाँ के लोगों को न ही पीने के लिए शुद्ध पानी मिल रहा है और न ही शिक्षा के लिए कोई ठोस कदम उठाया गया है। पिछले 40 सालों में झामुमो और उनके नेताओं ने पत्थर, बालू, कोयला और ठेकेदारी में जमकर लूट-खसोट किया है। यहां के झामुमो विधायक और वर्तमान में झामुमो प्रत्याशी हेमलाल मुर्मू खुद लिट्टीपाड़ा से चुनाव हार चुके हैं। वो यहां से चुनाव लड़कर लिट्टीपाड़ा की जनता को मूर्ख बनाकर यहां अपनी जेब भरने के नियत से आए हैं। आप सभी को ऐसे नेताओं से सावधान रहना है और 20 नवंबर को होने वाले चुनाव में कमल फूल पर बटन दबाकर भाजपा को जिताना है ताकि क्षेत्र का विकास हो। कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो इस विधानसभा क्षेत्र सर्वांगीण विकास होगा। लोगों को रोजगार के लिए पलायन नहीं करना होगा। मौके पर उप प्रमुख शिवलाल देहरी, रंजन मराण्डी, प्रेम तुरी, प्रदीप राय, राजू मुर्मू, प्रेमा मुर्मु, सुकांति देवी एडविन मुर्मु सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



