अफसरों के नाम अलग कॉलम में नहीं लिखने पर पत्नी की एसएसपी से हॉट-टॉक
चंडीगढ़ । हरियाणा के सीनियर आईपीएस अफसर पूरन कुमार के आत्महत्या मामले में डीजीपी शत्रुजीत कपूर और रोहतक एसपी नरेंद्र बिजारणिया समेत 14 अफसरों पर गुरुवार देर रात मामला दर्ज कर लिया गया। चंडीगढ़ पुलिस की ओर से सुसाइड नोट को आधार बनाते हुए सेक्टर-11 थाने में कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इसमें खास बात ये है कि गुरुवार तक पूरन कुमार के परिवार की ओर से 15 अफसरों पर आरोप लगाए गए थे, जिनमें मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी का नाम भी शामिल था। लेकिन, अब जो रिपोर्ट दर्ज कराई है उसमें उनका नाम नहीं है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हरियाणा के इतिहास में यह पहली बार है, जब किसी मामले में डीजीपी समेत 14 पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर मामला दर्ज हुआ है। वहीं इस एफआईआर पर आईपीएस पूरन की आईएएस पत्नी अमनीत पी कुमार ने एतराज जताया है। उन्होंने चंडीगढ़ पुलिस को शिकायत देकर कहा कि एफआईआर में आरोपी अफसरों के नाम अलग से कॉलम में नहीं लिखे हैं। एफआईआर को फिक्स फॉर्मेट में लिखा जाए। इसको लेकर उनकी चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर से हॉट टॉक भी हुई है। इसके बाद आईपीएस अफसर के पोस्टमॉर्टम पर भी संशय बना हुआ है। दलित संगठन भी डीजीपी और एसएसपी रोहतक की मांग कर रहे हैं।
इसके साथ इस बीच हरियाणा ब्यूरोक्रेसी में शामिल एससी वर्ग के आईएएस-आईपीएस और एससीएस अफसर खुलकर पूरन कुमार के परिवार के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। उन्होंने दावा किया है कि पूरन कुमार को रोहतक रेंज के आईजी जैसी मेन पोस्टिंग मिलने से कई बड़े अफसर नाराज थे और उन्हें डाउन करना चाहते थे। यही अफसर पूरन कुमार को लंबे अरसे से प्रताड़ित कर रहे थे और सीनियॉरिटी को नजरअंदाज कर उन्हें खुड्डेलाइन पोस्टिंग दी जा रही थी।






