मां रीता शर्मा टीवी जानी-मानी एक्ट्रेस और पिता कोटा में चलाते हैं कोचिंग
मुंबई । टीवी के जाने-माने चाइल्ड कलाकार वीर शर्मा और उनके भाई शौर्य की मौत ने पूरी इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है। घर में लगी आग ने दोनों की जिंदगी छीन ली। महज 10 साल की उम्र में वीर की दर्दनाक मौत हर किसी के लिए सदमा है। पड़ोसियों ने जब घर का दरवाजा तोड़ा, तो दोनों भाई बेहोशी की हालत में बाहर निकले। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया।
रिपोर्ट के मुताबिक वीर और शौर्य के माता-पिता गहरे सदमे में हैं, लेकिन इस दुख के बीच उन्होंने इंसानियत की मिसाल पेश की। वीर के पिता ने अपने दोनों बेटों की आंखें दान कर दीं। उनका मानना है कि बेटों की आंखों की रोशनी किसी और की जिंदगी में उजाला लेकर आएगी। टीवी इंडस्ट्री के कई सितारे इस हादसे पर दुख जताते हुए वीर को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक वीर और शौर्य टीवी की जानी-मानी एक्ट्रेस रीता शर्मा के बेटे थे। रीता ‘क्राइम्स एंड कन्फेशंस’ और ‘चाहतें’ जैसे टीवी शोज में काम कर चुकी हैं। वीर के पिता जितेंद्र शर्मा कोटा में कोचिंग चलाते हैं। वीर ने टीवी सीरियल ‘वीर हनुमान’ में लक्ष्मण का किरदार निभाया था, जिसके लिए उन्हें खूब तारीफ मिली थी। इसके अलावा खबर है कि वीर हाल ही में एक फिल्म में काम करने वाले थे, लेकिन शूटिंग शुरू होने से पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।
इस हादसे के समय दोनों भाई घर में अकेले थे। पिता जितेंद्र किसी कार्यक्रम में गए थे और मां रीता मुंबई में शूटिंग कर रही थीं। घर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई और देखते ही देखते पूरा घर धुआं और आग से घिर गया। पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्तें में दोंनों की मौत हो गई।






