गोड्डा :: दीपोत्सव का पर्व दीपावली व काली पूजा गुरुवार को मनाई जाएगी। इसको चहुओर तैयारी जोरों पर है। दीपावली को लेकर सभी अपने घरों व आसपास की सफाई में लगे हैं। घरों को आकर्षक रूप दिया जा रहा है। मिट्टी की बनी दीया- भुटकी की खरीददारी जोरों पर है। विभिन्न गांवों से कुम्हकारों ने जिला मुख्यालय में मिट्टी के बने दीये, भुटकी, कलश सहित अन्य उत्पादों को बेचने के लिए सड़क किनारे डेरा जमा दिया है। पिछले एक सप्ताह से ही लोग दीये- भुटकी सहित पूजन सामग्री की खरीददारी करने में जुट गए हैं। दीपावाली पर खासकर लक्ष्मी व गणेश का घरों व दुकानों में पूजन करने का विधान है। बुधवार की रात घर के बाहर गोबर के दीये जलाकर छोटी दीवाली मनाई गई। जबकि गुरुवार को दीपों की श्रृखला जलाकर घरों को रोशन किया जाएगा। आधुनिकता की दौड़ में बिजली बल्व व रंगबिरंगे झालर की आकर्षक सजावट तो दीपावली में चार चांद लगा देती है। दीपावली की रात सनसनाठी जलाकर घर से दरिद्रता को बाहर किया जाता है और लक्ष्मी को घर में लाकर उचित स्थान देकर पूजा जाता है।इस दिन बच्चों को विधिवत चौका पर बैठाकर आशीर्वाद दिया जाता है। वहीं समाज के सभी लोग अपने के बड़ों का आशीर्वाद लेने के लिए घर- घर घूमते हैं और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराते हुए आशिष देते हैं।
———————
अमावस्या की आधी रात को विभिन्न काली मंदिरों में देवी की स्थापना की जाएगी। इसके बाद मंदिर के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिये जाऐंगे। जबकि शुक्रवार को विधिवत पूजन , कुमारी भोज सहित अन्य आध्यात्मिक कार्यक्रम होंगे। जगह- जगह मेला का भी आयोजन किया गया है। मंदियों को आकर्षक रूप दिया गया है। पूजन की सारी व्यवस्था पूरी कर ली गई है। कझिया नदी के तट पर परसा स्थित मां श्मशान काली मंदिर में संध्या कालीन पूजा होगी। इसके बाद महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। वहीं महेशपुर के नवनिर्मित काली मंदिर में अमावस्या पूजन किया जाएगा। इसके तहत सुबह से ही तीन आवृत्ति दुर्गा सप्तशति पाठ, पूजन, ब्राह्मण कुमारी पूजन व विशेष भोग लगाया जाता है। संध्या काल में महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रत्येक अमावस्या को किया जाता है। इसमें गांव के सभी श्रद्धालु अस्था व उत्साह के साथ पूजन कार्यक्रम में भाग लेते हैं।



