– दीपिका पांडेय सिंह को पूर्ण समर्थन देने का दिया आश्वासन
गोड्डा : जिला अंतर्गत मेहरमा प्रखंड में धानुक समाज संघ के बैनर तले आयोजित बैठक में महागामा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी दीपिका पांडेय सिंह का स्वागत और अभिनंदन किया गया। बैठक में समाज के लोगों के द्वारा विधानसभा चुनाव में उनका समर्थन देने को लेकर चर्चा हुई और सभी ने एकजुट होकर समर्थन देने का वादा किया। इस मौके पर समाज के कई वरिष्ठ सदस्य और स्थानीय नेता भी मौजूद थे। बैठक में दीपिका पांडेय सिंह ने स्थानीय मुद्दों जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, और रोजगार के अवसर पर बात की। उन्होंने समुदाय के विकास के लिए कांग्रेस की योजनाओं और नीतियों पर भी प्रकाश डाला। वहीं धानुक समाज के दीपक मंडल ने मध्य प्रदेश के तर्ज पर झारखंड में भी धानुक समाज को एसटी का दर्जा देने के लिए मांग किया, जिस पर दीपिका पांडेय ने अपनी सहमति जताई। उन्होंने सामाजिक एकता और राजनीतिक जागरूकता बढ़ाने पर जोर देते हुए उपस्थित लोगों ने आगामी चुनाव में सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं उन्होंने समाज के विकास के लिए सभी से सहयोग की अपील की और विश्वास दिलाया कि यदि वे चुनाव में जीतती हैं, तो वे जनता के हर मुद्दे का समाधान करने का प्रयास करेंगी। इस बैठक ने स्थानीय लोगों के बीच एक नई ऊर्जा और उम्मीद का संचार किया, जिससे उन्होंने आगामी चुनाव में एकजुट होकर अपनी आवाज उठाने का संकल्प लिया।



