जामताड़ा : धनतेरस के मौके पर स्थानीय बाजार में काफी रौनक दिखाई दी। धनतेरस पर शुभ मानी जाने वाली चीजों के दुकानों की सजावट काफी आकर्षक ढंग से की गई थी। ऑटोमोबाइल्स का बाजार सबसे तेज रहा, जबकि सोना चांदी के दुकानों पर भी लोगों की भारी भीड़ दिखाई दी। बर्तन, मिट्टी के समान, इलेक्ट्रॉनिक आइटम से फुटपाथ भी काफी सजा-धजा और गहमागहमी वाला रहा। जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष धनतेरस पर जिले भर में 15 से 20 करोड़ का बाजार रहा। सबसे ज्यादा ऑटोमोबाइल्स की बिक्री हुई जबकि आभूषण और बर्तन भी करोड़ों के बिके। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक के समान, खासकर मोबाइल की बिक्री भी धनतेरस पर जोरदार ढंग से हुई है। इसके अलावा पूजा सामग्री और धनतेरस पर शुभ फलदाई धनिया, हल्दी, कौड़ी, झाड़ू आदि सामग्री की बिक्री भी काफी अच्छी हुई। धनतेरस को लेकर बाजार में दिन भर लोगों की भारी चहल-पहल दिखाई दी। शाम के वक्त सबसे ज्यादा भीड़ बर्तन दुकान में दिखा जहां महिलाएं अपने जरूरत के अनुसार और धनतेरस के मद्देनजर खरीददारी करती हुई नजर आई।



