जरमुंडी – झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा शुक्रवार को बासुकीनाथ मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने बाबा बासुकीनाथ का विधिवत पूजा अर्चना की। मंदिर के ग्यारह सदस्यीय पंडा पुरोहितों के एक दल ने उन्हें षोडशोपचार विधि से पूजा अर्चना कराई। बासुकीनाथ में डीजीपी के आगमन को लेकर सुबह से ही मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था सख्त बनी हुई थी। बाबा बासुकीनाथ की पूजा अर्चना के बाद माता पार्वती, माता काली, शत्रु संहारिणी बगलामुखी माता सहित मंदिर प्रांगण में स्थित दसमहाविद्या देवी की विधिवत पूजा और आरती की गई। पूजा के उपरांत संताल परगना डीआईजी अंबर लकड़ा एवं एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बाबा का प्रतीकात्मक फोटो देकर डीजीपी को सम्मानित किया। इसके साथ ही पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष मनोज पंडा, महामंत्री संजय झा ने भी स्मृति चिन्ह भेंट किया।
—
श्रावणी मेला की तैयारियों की समीक्षा
—
पूजा अर्चना के बाद डीजीपी तदाशा मिश्रा ने श्रावणी मेला क्षेत्र में तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कांवरिया पथ, दर्शनीया, शिवगंगा मार्ग, तारा मंदिर रोड में चल रही तैयारी का जायजा लिया। इस दौरान डीआईजी अंबर लकड़ा, एसपी पीतांबर सिंह खेरवार, एसडीपीओ नवल किशोर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। डीजीपी तदाशा मिश्रा ने कहा कि डीआईजी और एसपी के साथ श्रावणी मेला को लेकर बैठक की जाएगी। व्यवस्था में यदि सुधार की गुंजाइश होगी तो उसे पूरा किया जाएगा। उन्होंने श्रावणी मेला के आयोजन में पांडा पुरोहितों से भी सहयोग की अपील की कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष आयोजित होने वाला मेला भी शांतिपूर्वक संपन्न हो बाबा से यही कामना है। डीजीपी ने यह भी कहा कि भोलेनाथ सर्वज्ञ है उन्हें सब पता है।
श्रावणी मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगमतापूर्वक जलार्पण करना पहली प्राथमिकता होगी। श्रावण माह में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद रहेगी।
—
एआई तकनीक से इस बार मेले पर नजर रखी जायेगी
—
उन्होंने बताया कि बासुकीनाथधाम आने वाले कांवरियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही एआई तकनीक सहित ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरे की मदद से श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर नजर रखी जाएगी। ज्ञात हो कि 30 जुलाई से श्रावणी मेला की शुरुआत हो रही है। इसको लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस मौके पर एसडीपीओ नवल किशोर सिंह, मेजर रमेश कुमार मंडल, पुलिस निरीक्षक दयानंद साह, बासुकीनाथधाम पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष मनोज पंडा, महामंत्री संजय झा, कुंदन झा, सारंग बाबा, आनंद शंकर झा, संजय झा, कुणाल झा, कुंदन कुमार पत्रलेख सहित बड़ी संख्या में स्थानीय पंडा पुरोहित एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


