देवघर। देवघर जिले के जिमनास्ट सूरज केसरी आगामी 7 से 10 नवंबर तक कजाकिस्तान में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाले सूरज का परिवार पान की दुकान चलाकर जीवनयापन करता है। कजाकिस्तान जाने के लिए 25 हजार रुपये की आर्थिक बाधा सामने आई थी। इसकी जानकारी मिलते ही जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. सुनील खवाड़े आगे आए और सूरज के भाई को बुलाकर चेक के माध्यम से 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। सूरज पिछले एक महीने से रांची में अपनी टीम के साथ कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
वे देवघर जिले के पहले खिलाड़ी हैं जो जिम्नास्टिक में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं। भारतीय टीम में कुल आठ खिलाड़ी शामिल हैं जो ग्रुप एरोबिक और स्टेपअप इवेंट में भाग लेंगे। टीम 5 नवंबर की रात मुंबई एयरपोर्ट से कजाकिस्तान के लिए रवाना होगी। डॉ. सुनील खवाड़े ने कहा कि देवघर की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने भावुक स्वर में कहा कि जब तक शरीर में जान है, खिलाड़ियों के लिए कार्य करता रहूंगा। उन्होंने सूरज से फोन पर बात कर शुभकामनाएं दीं और कहा कि देश का झंडा बुलंद कर लौटना है। इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, प्राधिकरण के सचिव आशीष झा, ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष नवीन शर्मा, जिला जिम्नास्टिक संघ के अध्यक्ष अजय खवाड़े, सचिव विप्लव विश्वास, विक्रम चौधरी, मोहित, गौतम और मुस्कान सहित अन्य ने सूरज को शुभकामनाएं और बधाई दी।


