तिरुवनंतपुरम । भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने यहां श्रीलंका के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में अपने 150 विकेट पूरे करने के साथ ही एक अहम उपलब्धि अपने नाम की है। इसी के साथ ही दीप्ति भारत की ओर से टी20 अंतरराष्ट्रीय में 150 विकेट लेने वाली पहली गेंदबाज बनी हैं। अभी तक किसी भारतीय महिला ही नहीं पुरुष क्रिकेटर ने भी टी20 में 150 विकेट नहीं लिए थे। पुरुष वर्ग में अबसे अधिक 110 विकेट अर्शदीप सिंह ने लिए हैं। वहीं जसप्रीत बुमराह के नाम 103 विकेट और हार्दिक पंड्या के नाम 101 विकेट हैं।
दीप्ति अब महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बनी हैं। श्रीलंका के खिलाफ तीसरे टी20 में दीप्ति ने 4 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट लिए। दीप्ति ने कविशा दिलहारी को आउट करने के साथ ही अपना 150वां विकेट लिया। इसके बाद तीसरे विकेट को लेने के साथ ही उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की मेगन शूट के 150 विकेट के रिकॉर्ड की बराबरी की। दीप्ति ने अब तक 131 महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 128 पारियों में 151 विकेट लिए हैं। उनका गेंदबाजी औसत 18.73 और इकोनॉमी रेट 6.40 रहा है। वहीं मेगन ने 123 महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 17.70 की औसत से अब तक 151 विकेट लिए हैं।


