देवघर। देवघर-चकाई पथ पर जसीडीह थाना क्षेत्र के डिगरिया पहाड़ में गुरुवार को करीब 35 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला के पैर बंधे हुए थे। इस कारण प्रथमदृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर जसीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बताया जाता है कि महिला का शव सड़क से करीब 35 फीट ऊंचाई पर पहाड़ के एक हिस्से में मिला। शव से दुर्गंध आने के कारण आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौत दो से तीन दिन पहले हुई होगी। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है।
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को खैनी का एक पुड़िया और पानी की बोतल भी मिली है। पुलिस ने आसपास के इलाके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने और घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान कराने के साथ यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह डिगरिया पहाड़ तक कैसे पहुंची और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई। पैर बंधे होने के कारण पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर हत्या समेत अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है।


