देवघर। नगर थाना क्षेत्र के बजरंगी चौक के सेठ सूरज मल रोड स्थित होटल महाराजा के एक कमरे में एक युवक का शव शनिवार कि देर रात को फांसी के फंदे से झूलता पाया गया। मृतक का नाम 22 वर्षीय विवेक शर्मा है जो धनबाद जिले के झरिया का रहने वाला है। वह पिछले चार-पांच माह से देवघर में रहकर फर्नीचर का व्यवसाय करता था। किस परिस्थिति में उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कि इसकी पुलिस जांच करने में जुटी है। इधर पुलिस को दिए बयान में मृतक के भाई राहुल शर्मा ने कहा है कि विगत 6 माह से उसका भाई देवघर में रहकर प्लाई का काम करता था। कहा है कि 17 अगस्त कि रात को वह मेहर गार्डन में शादी पार्टी में गया था। वहां से वह रात को होटल महाराजा पहुंचा और एक रूम लेकर रुक गया। उसने रात को फोन पर बताया कि वह मानसिक परेशानी में है सुबह ट्रेन पकड़ कर धनबाद आ जायेगा। कहा है कि उसके कुछ साथी पार्टी के बाद रात को होटल ठहरने के लिए पहुंचे। जब होटल का रजिस्टर देखा तो उसमे मृतक भाई के नाम से एक कमरा बुक था। उसके साथी देर रात को उसके कमरे के पास गए और दरवाजा को खटखटाया लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। उपरांत होटल के दरवाजे को तोड़ा गया तो देखा कि उसका भाई होटल में लगे पर्दे से फांसी का फंदा लगाकर झूल रहा है। आनन फानन में उसके साथियों द्वारा उसे फांसी के फंदे से उतार कर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां देखने के उपरांत ऑन ड्यूटी डॉक्टर के द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। इधर सदर अस्पताल स्थित बैधनाथ धाम ओपी पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


