दुमका। जिला निर्वाचन पदाधिकारी आंजनेयुलु दोड्डे की अध्यक्षता में विधानसभा आम निर्वाचन को लेकर गठित किए गए सभी कोषांग के प्रभारियों के साथ बैठक की गई। बैठक में सभी कोषांग के कार्यों के अलावा अन्य विशेष बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी कोषांग के लिए प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी अपने कर्तव्यों का जिम्मेवारीपूर्वक निर्वहन करें। निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। साथ ही कलस्टर, मतदान केन्द्रवार मूलभत सुविधाएं, मतदान केन्द्रवार रूट चार्ट/मैप, वाहनों की उपलब्धता, कम्युनिकेशन प्लान, मतदान कर्मियों की रहने की सुविधा को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए।उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सभी एसओपी का अनिवार्य रूप से सभी कोषांग के नोडल पदाधिकारी एवं अपने अधीनस्थ पदाधिकारी, कर्मियों को अनुपालन कराना सुनिश्चित करें। साथ ही सभी को सक्रिय भूमिका निभाते हुये सभी निर्देशों का अनुपालन करना सुनिश्चित करने की बात कही।
समीक्षा के क्रम में सी विजिल कोषांग, ट्रेनिंग कोषांग, मीडिया कोषांग, स्वीप कोषांग, एमसीसी, एमसीएमसी, कंप्लेन मॉनिटरिंग सेल, इलेक्शन एक्सपेंडिचर मॉनिटरिंग सेल, पोस्टल बैलट, मेटेरियल डिस्ट्रीब्यूशन सेल, कंट्रोल रूम व हेल्पलाइन सेल, ऑब्जर्वर सेल, ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सेल, स्ट्राँग रूम आदि कोषांगों के संबंधित नोडल ऑफिसर से किए जा रह कार्यों की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों को किसी भी प्रकार की कोई दुविधा होने पर अपने वरीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया। बैठक में सभी कोषांग के नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे।




