उल्हासनगर में महिला को अर्धनग्न कर घुमाया, बरेली में महिला व बच्चों पर तेजाब फेंका
नई दिल्ली । देश के दो अलग-अलग राज्यों, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश से महिलाओं और परिवारों के खिलाफ हिंसा की दो बेहद शर्मनाक घटनाएं सामने आई हैं। महाराष्ट्र के उल्हासनगर में मंदिर प्रवेश को लेकर हुए विवाद के बाद एक महिला को अर्धनग्न कर घुमाया गया और उसके बाल काटे गए, वहीं उत्तर प्रदेश के बरेली में शादी से इनकार करने पर एक परिवार पर तेजाब से हमला किया गया। इन घटनाओं ने समाज में बढ़ती आपराधिक मानसिकता और महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महाराष्ट्र के उल्हासनगर में मंदिर विवाद पर हैवानियत महाराष्ट्र के उल्हासनगर के विट्ठल वाड़ी इलाके से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है।
यहां मंदिर में प्रवेश को लेकर हुए दो परिवारों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद कुछ लोगों ने एक महिला के साथ हैवानियत की। आरोप है कि महिला के बाल काट दिए गए, उसे अर्धनग्न करके चप्पलों की माला पहनाई गई और पूरे इलाके में घुमाया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों परिवार एक ही समुदाय के थे, जिसके कारण विवाद और बढ़ गया। उल्हासनगर के एसीपी ने जानकारी दी कि इस मामले में सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिसमें से अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है।
वहीं उत्तर प्रदेश के बरेली के शेरगढ़ इलाके में भी इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना हुई। यहां शनिवार तड़के एक व्यक्ति ने एक महिला, उसके पति और उनके दो बच्चों पर तेजाब फेंक दिया, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस के अनुसार, परिवार गर्मी के कारण अपने घर के बरामदे में सो रहा था, तभी आरोपी उमेश कश्यप छत से अंदर आया और मच्छरदानी के माध्यम से उन पर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। मीरगंज के पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि आरोपी उमेश कश्यप कथित तौर पर पहले से शादीशुदा होने के बावजूद लक्ष्मी देवी से शादी करना चाहता था। शादी से इनकार करने पर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। इस प्रयास में तेजाब के कुछ छींटे परिवार के चार सदस्यों पर गिर गए, जिससे वे घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से एक को बरेली के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं।


