एस.के.झा.’सुमन’

दुमका: जिले सहित आसपास के सभी प्रमुख पर्यटन स्थल सैलानियों के लिए सज-धज कर तैयार हैं। पहली जनवरी को हजारों लोग मसानजोर, बासुकीनाथ मंदिर, मलूटी, तातलोई , कुरुवा पहाड़ समेत आसपास के जिलों के पर्यटन स्थल मसलिया के गुमरो पहाड़ समेत अन्य जगहों पर जुटेंगे। इसके अलावा साल की शुरुआत पूजा पाठ से करने के लिए सैकड़ों लोग बाबा मंदिर पहुंचेंगे। इन सभी जगहों पर भक्तों व सैलानियों के उमड़ने की संभावना को देखते हुए कई इंतजाम किये गये हैं। पर्यटन स्थल में लोग पिकनिक का भी मजा लेंगे।
———————–
मसानजोर डैम : पहाड़ों की तलहटी की खूबसूरती के साथ,नौका विहार का आनंद
मसानजोर डैम दुमका जिले में मयूराक्षी नदी पर स्थित है। यह दुमका जिले से 31 किलोमीटर की दूरी पर है। स्थानीय और आसपास के शहरों के लोगों के लिए पिकनिक का आनंद लेने के लिए सबसे अच्छा स्थल है। इस डैम का निर्माण वर्ष 1954- 56 में भारत के प्रथम पंचवर्षीय योजना के अंतर्गत कनाडा सरकार की सहायता से कराया गया था। इसे बनाने का मुख्य उद्देश्य सिंचाई और बिजली उत्पादन करना था। यह पूर्ण रूप से झारखंड क्षेत्र में है, लेकिन इसके पानी का इस्तेमाल ज्यादातर बंगाल सरकार करती है।
———————–
प्रसिद्ध गुमरो पहाड़ आस्था व पिकनिक स्पॉट के लिए बेहद चर्चित
मसलिया प्रखंड स्थित प्रसिद्ध गुमरो पहाड़ आस्था व पिकनिक स्पॉट के लिए बेहद चर्चित है। प्रत्येक साल पहली जनवरी को काफी संख्या में कई जिलों के लोग अंग्रेजी नववर्ष के दिन पिकनिक मनाने के लिए गुमरो पहाड़ पहुंचते हैं। इस पहाड़ की खासियत यह है कि बड़े-बड़े चट्टानों से घिरा पहाड़ चार सौ नब्बे फीट ऊंचा व चार सौ बीघा विशाल भूभाग में फैला है। पहाड़ की मनमोहक सुंदरता लोगों को लुभाती है। यह पहाड़ नामचीन पर्यटन स्थलों में से एक है। पहाड़ के नीचे पहाड़ बाबा थान पहाड़ की आस्था व गरिमा को और बढ़ाता है। आस्था इस कदर है कि बच्चे-बच्चे के मुख से पहाड़ बाबा का नाम सुना जा सकता है। घर से शुभ काम में निकलते व लौटते समय पहाड़ बाबा को प्रणाम करना लोग नहीं भूलते हैं।
———————–
अलौकिक गांव मलूटी में उमड़ता है सैलानियों का हुजूम
तारापीठ जाने से पहले ही है मलूटी गांव है। इसे गुप्तकाशी मलूटी भी कहा जाता है। झारखंड की उपराजधानी दुमका इसकी दूरी 60-70 किलोमीटर है। शिकारीपाड़ा के पास है यह गांव से रास्ता गुजरता है मुख्य सड़क से दाहिनी ओर एक रास्ता निकलता है। करीब छह किलोमीटर की दूरी पर है गांव। यह गांव झारखंड बंगाल की सीमा पर है, यहां की भाषा भी बंगाली मिश्रित हिंदी है। सैलानियों के लिए यह केंद्र काफी आकर्षण का रहता है।



