गोड्डा : सदर प्रखंड के सैदापुर गांव में रविवार अक्ष्य नवमी को मां जगद्धात्री पूजा के दूसरे दिन आयोजित त्रिकाल पूजा में आस्था का जन सैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान मां के जयकारे से सारा वातावरण दिनभर गुंजायमान रहा। सैदापुर गांव में जगद्धात्री पूजा महोत्सव पिछले 107 वर्षों से आयोजित किया जा रहा है। जगद्धात्री पूजा समिति के संयोजक शिशिर कुमार झा बताते हैं कि उनके पूर्वज हीरा झा ने बंगाल में मां जगद्धात्री से पुत्र प्राप्ति की कामना की थी। पुत्र रत्न की प्राप्ति के उपरांत माता जगद्धात्री को सैदापुर में पूजा जाने लगा। इसके बाद यह पूजा जन्मोत्सव के रूप में प्रत्येक वर्ष कार्तिक शुक्ल पक्ष की अष्टमी से लेकर दसवीं तक मनाया जा रहा है। प्राचीन परंपरा के तहत अक्षय नवमी को त्रिकाल पूजा करने का विधान है। जबकि इसके पूर्व अष्टमी की रात माता मां जगद्धात्री की नवपत्रिका प्रवेश कर मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाते हैं। श्रद्धालुओं की मनोकामना पूरी होने के बाद यथोचित चढ़ावा मंदिर में चढ़ाते हैं। यहां मेला का भी आयोजन किया जाता है तथा तीन दिनों तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन होता है। यह जिले का एकमात्र मंदिर है और यहां विधिवत पूजन किया जाता है। इसीलिए जिलेभर के लोग आस्था और विश्वास के साथ मंदिर में आकर माथा टेकते हैं। मां जगद्धात्री को पुत्र दायिनी माता के रूप में भी जाना जाता है इसलिए पुत्र प्राप्ति के लिए भी महिलाएं उपवास व धरना देती है। नवमी व दशमी को जिला मुख्यालय से सैदापुर आने वाली सड़कों पर दिन-रात जाने वाले लोगों का तांता लगा रहता है।



