जरमुंडी,। बाबा बासुकीनाथ के फौजदारी दरबार में सोमवार को पूजा अर्चना करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मार्गशीर्ष मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा उपरांत द्वितीया तिथि को लेकर श्रद्धालुओं ने दिनभर पूजा अर्चना किया। मार्गशीर्ष मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा उपरांत द्वितीया तिथि पर बाबा बासुकीनाथ मंदिर पूर्वाहन 4:00 बजे भोर को खोला गया। इसके बाद गर्भगृह में बीते रात के पूजन अवशिष्ट को हटाकर साफ सफाई हुई। इसके बाद बाबा नागेश बासुकीनाथ की प्रभातकालीन सरकारी पूजा संपन्न हुई। पुजारी के द्वारा नंदीश्वर महाराज, वीरभद्र, स्वामी कार्तिक, कुबेर महाराज, कीर्ति मुख और सर्पराज की पूजा अर्चना के पश्चात गौरीपट में विन्दुस्वरूपा माता पार्वती और ज्योतिर्लिंग स्वरूप भगवान नागेश की षोडशोपचार विधि से पूजा की गई। बासुकीनाथ की पूजा अर्चना के बाद आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर को खोल दिया गया। मार्गशीर्ष शुक्ल सोमवारी पर दिन भर पूजा अर्चना के लिए भक्तों का ताता लगा रहा। बाबा बासुकीनाथ के दिवाकालीन विश्राम हेतु संपन्न हुए श्रृंगार पूजा तक भक्तों की भीड़ लगी रही। विश्राम पूजा के बाद बासुकीनाथ मंदिर को एक घंटे के लिए विश्राम हेतु बंद कर दिया गया। देश के विभिन्न स्थानों से सोमवार को बासुकीनाथ मंदिर पहुंचे शिवभक्तों ने मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न करवाया। इधर,दिवाकालीन विश्राम के बाद संध्या वंदन लिए पुनः मंदिर खुलने पर एक बार फिर श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ की पूजा अर्चना की। मंदिर सूत्रों ने बताया कि सोमवार को दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ निरंतर दिखाई दी। रात्रि कालीन श्रृंगार पूजा तक लगभग 40,000 श्रद्धालुओं ने बासुकीनाथ में पूजा अर्चना की।




