सरैयाहाट। हंसडीहा थाना क्षेत्र के कुशियारी धोबई नदी के समीप दिन दहाड़े एक बाइक पर सवार हथियार से लेश तीन अपराधियों ने एक माइक्रो फाइनांस कंपनी के कर्मचारी से 98 हजार 8 सौ रूपए लुट लिए। फाइनेंस कर्मी गोड्डा जिले के बेलबद्दा थाना क्षेत्र के मड़पा गांव निवासी रोहित कुमार है। वह एसकेएस भारत फाइनेंस कंपनी में काम करता है। उनकी फाइनेंस कंपनी महिलाओं का एक ग्रुप बनाकर उन्हें ऋण देती है, जिसका साप्ताहिक कलेक्शन किया जाता। घटना की जानकारी देते हुए रोहित कुमार ने बताया कि सोमवार को वह राशि कलेक्शन करने निकले थे जहां सबसे पहले वे हजरण गांव पहुंचे वहां से उन्होंने कुल 14900, रांगा गांव से 49000 और पचेता गांव से 34900 रूपये राशि कलेक्शन किया। कलेक्शन करने के बाद में अगला मीटिंग करने वे कुरमाहाट जा रहे थे, इसी दौरान कुशियारी धोबई पूल के समीप हथियार से लेंस तीन अपराधियों में से दो अपराधी बंदूक लहराते हुए रुकने का इशारा किया, जैसे ही उसने गाड़ी को रोका, अपराधियों द्वारा फाइनेंसकर्मी को डिक्की खोलने को कहा, जब फाइनेंसकर्मी बाइक के डिक्की खोलने से हिचकिचाया तो अपराधियों ने हवाई फायरिंग करते हुए बाइक की टिक्की में गोली चलाकर डिक्की को तोड़ डाला और डिक्की में रखें 98800 रुपए सहित टैब और डिवाइस लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना फाइनेंस कर्मी द्वारा स्थानीय थाने को दी गई सूचना मिलने के बाद पुलिस निरीक्षक विशुनदेव पासवान, हंसडीहा थाना प्रभारी प्रकाश सिंह, सरैयाहाट थाना प्रभारी राजेंद्र यादव, जामा थाना प्रभारी अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच जांच पड़ताल शुरू कर दी। साथ ही फाइनेंसकर्मी से पूछताछ की जहां फाइनेंसकर्मी द्वारा घटना के क्रम में पुलिस को विस्तार से बताया। इस दौरान पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए हैं। इस संदर्भ में हंसडीहा थाना प्रभारी प्रकाश सिंह ने बताया कि फाइनेंस कर्मी से लूट की घटना की सूचना मिलते ही घटना स्थल पर पहुंच जांच पड़ताल कर विभिन्न बिंदुओ पर बारीकी से छानबीन की जा रही है बहुत जल्द अपराधी पुलिस के गिरफ्त में होंगे। सूत्रों के अनुसार मामले में पुलिस ने दो युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।




