संताल एक्सप्रेस संवाददाता
अमड़ापाड़ा(पाकुड़)। थाना क्षेत्र के बड़ा बाँधकोइ गांव के समीप ढलाननुमा सड़क पर शनिवार को चिप्स डस्ट लोड एक हाइवा के दुर्घनाग्रस्त हो जाने से ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं दुर्घटना में खलासी घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार बड़ा बाँधकोइ गांव के समीप कच्ची सड़क पर निर्माण कर चल रहा था। सड़क निर्माण के लिए ही हाइवा संख्या जेएच 16 जी 3895 में चिप्स डस्ट लोड कर ड्राइवर मो. नुरसलाम अंसारी(23) खलासी धर्मेंद्र हांसदा(16) के साथ अमड़ापाड़ा से बड़ा बाँधकोइ जा रहा था। इसी क्रम में ढलाननुमा पीसीसी सड़क पर हाइवा का ब्रेक फेल हो गया और वाहन पेड़ से जा टकराया। पेड़ से टकराने के साथ ही ड्राइवर की तरफ का दरवाजा खुल गया और ड्राइवर वाहन से नीचे कूद गया और वाहन के नीचे आ गया। वाहन का अगला टायर ड्राइवर के शरीर के निचले हिस्से और पैर को कुचलते हुए आगे जाकर पलट गया। दुर्घटना में अमड़ापाड़ा पोखरिया रोड निवासी मो. निजाम अंसारी के बेटे ड्राइवर मो. नुरसलाम अंसारी की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं गोपीकांदर थाना क्षेत्र के ओड़मो मधुबन निवासी धर्मेंद्र हांसदा घायल हो गया। दुर्घटना में मृत मो. नुरसलाम अंसारी को अन्य ड्राइवर-खलासी के सहयोग से निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां डॉक्टर सरफराज ने मो. नुरसलाम अंसारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल खलासी का प्राथमिक इलाज किया। घटना की सूचना पाकर मृतक के परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। साथ ही घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गयी। सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं एएसआई अबिदन बारला पुलिस बल के साथ सीएचसी पहुंचे और मामले की जानकारी लेकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल पाकुड़ भेज दिया।
मृतक के हैं दो बच्चे :- मृतक मो. नुरसलाम अंसारी के पिता मो. निजाम अंसारी ने बताया कि मृतक का दो बच्चा है। एक बेटा डेढ़ साल की उम्र का है और एक महीने पहले ही उसकी एक बेटी हुई है। घटना के बाद परिजन शव से लिपटकर दहाड़ मारकर रोने लगे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



