दुमका । लोक आस्था के महापर्व छठ के अंतिम दिन शुक्रवार को दुमका के विभिन्न छठ घाटों पर हजारों छठवर्तियो व श्रद्धालुओं ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया। श्रद्धालुओं ने जल में दूध डालकर सूर्य की पहली किरण को अर्घ्य दिया। शुक्रवार को अहले सुबह से ही जिला मुख्यालय समेत विभिन्न प्रखंडों के छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सूर्योपासना के महापर्व छठ के पावन मौके पर हर गली-सड़कों पर छठी मैया के गीत गुंज रहे थे| छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का तांता लग गया। छठी मैय्या के जयकारे से छठ घाट गूंजते रहे। छठ महापर्व का आज अंतिम दिन है। आज उदीयमान सूर्य को उषा अर्घ्य दिया गया|
ज्ञात हो कि छठ पर्व की शुरुआत कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी के दिन नहाय खाय से होती है। पंचमी को खरना, षष्ठी को डूबते सूर्य को अर्घ्य और उगते सूर्य सप्तमी को अर्घ्य देकर व्रत समाप्त होता है। इस चार दिवसीय त्योहार में सूर्य और छठी मैया की पूजा की जाती है। इस दिन व्रत करना बहुत कठिन माना जाता है क्योंकि इस व्रत को कठोर नियमों के अनुसार 36 घंटे तक रखा जाता है। भगवान सूर्य की पूजा मुख्य रूप से तीन समय विशेष लाभकारी होती है – प्रातः , मध्यान्ह और सायंकाल। प्रातःकाल सूर्य की आराधना स्वास्थ्य को बेहतर करती है। मध्यान्ह की आराधना नाम-यश देती है। सायंकाल की आराधना सम्पन्नता प्रदान करती है। अस्ताचलगामी सूर्य अपनी दूसरी पत्नी प्रत्यूषा के साथ रहते हैं, जिनको अर्घ्य देना तुरंत प्रभावशाली होता है। दुमका में मुख्य रूप से बड़ा बांध तालाब, खूंटा बांध तालाब एवं रामोलाल तालाब, बंदरजोड़ी तालाब, पुसारो नदी घाट में भारी भीड़ उमड़ी। घाटों पर छठ पूजा समितियों की ओर से महिला व्रतियों के लिए चेंजिंग रूम, पूजन सामग्री, मेडिकल कैंप, भीड़ नियंत्रण के लिए जगह-जगह माइक, नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की गई थी।




