वांगचुक बोले- हम विदेशी धन पर निर्भर नहीं रहना चाहते, ज्ञान से राजस्व जुटाते हैं
लेह । केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने लद्दाख के शिक्षाविद् और कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के एक संस्थान के खिलाफ विदेशी अंशदान अधिनियम के उल्लंघन की जांच शुरू कर दी है। मीडिया रिपोर्ट में अधिकारियों ने बताया कि जांच जारी है, लेकिन अब तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। वांगचुक ने मीडिया को बताया कि सीबीआई की एक टीम करीब 10 दिन पहले एक आदेश लेकर आई थी, जिसमें कहा गया था कि वे हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव्स लद्दाख में विदेशी अंशदान अधिनियम के उल्लंघन के संबंध में गृह मंत्रालय की शिकायत पर कार्रवाई कर रहे हैं।
वांगचुक ने दावा किया कि आदेश में कहा गया था कि हमने विदेशी धन प्राप्त करने के लिए एफसीआरए के तहत मंजूरी नहीं ली है। हम विदेशी धन पर निर्भर नहीं रहना चाहते, लेकिन हम अपने ज्ञान के जरिए राजस्व जुटाते हैं. ऐसे तीन मामलों में, उन्हें लगा कि यह विदेशी योगदान है। उन्होंने बताया कि सीबीआई की एक टीम ने पिछले हफ्ते एचआईएएल और स्टूडेंट्स एजुकेशनल एंड कल्चरल मूवमेंट ऑफ लद्दाख का दौरा किया था और 2022 और 2024 के बीच उन्हें मिले विदेशी धन का ब्योरा मांगा।
उन्होंने कहा कि टीम अब भी लद्दाख में डेरा डाले हुए हैं और संगठनों के खातों और बैंक विवरण की जांच कर रही है। वांगचुक ने आरोप लगाया कि यह एक बहुत ही गरिमापूर्ण कार्य था। उन्होंने इसे देखा और वे आश्वस्त हो गए। वे समझ गए कि इससे उन्हें कोई मदद नहीं मिल रही है, इसलिए उन्होंने उस अवधि के बाहर के खाते मांगने शुरू कर दिए।
वांगचुक ने कहा कि सीबीआई अधिकारियों ने उनसे कोई पूछताछ नहीं की है। कार्यकर्ता ने बताया कि पहले स्थानीय पुलिस ने उनके खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया। इसके बाद, पट्टे की राशि का भुगतान नहीं किए जाने का हवाला देते हुए एचआईएएल के लिए दी गई जमीन वापस लेने का आदेश दिया गया। उन्होंने दावा किया कि सब जानते हैं कि हमारे पास दिखाने के लिए दस्तावेज हैं। सरकार ने क्षमा मांगते हुए कहा था कि उनकी पट्टा नीति अब तक बनी नहीं है, इसलिए वे शुल्क नहीं ले सकते। उन्होंने कहा, कृपया हमारा साथ दें और निर्माण जारी रखें।
वांगचुक ने आरोप लगाया कि इसके बाद सीबीआई की कार्रवाई और आयकर विभाग का समन आया। उन्होंने आरोप लगाया कि दिलचस्प बात यह है कि लद्दाख ऐसी जगह है जहां कोई कर नहीं लगता। फिर भी मैं स्वेच्छा से कर देता हूं और मुझे समन मिलते हैं।
वांगचुक ने 10 सितंबर को लद्दाख को छठी अनुसूची में शामिल करने और राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर अनशन शुरू किया था। बुधवार को 1989 के बाद से सबसे भीषण हिंसा देखने को मिली, जब युवाओं के समूहों ने आगजनी और तोड़फोड़ की। बीजेपी मुख्यालय और पर्वतीय परिषद को निशाना बनाया और वाहनों में आग लगा दी।






