दुमका । विधानसभा आम चुनाव 2024 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को सामान्य प्रेक्षक एवं व्यय प्रेक्षक ने समाहरणालय सभागार में प्रत्याशी एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर निर्वाचन आयोग के गाइडलाइन से अवगत कराया। सामान्य प्रेक्षक ने बैठक में उपस्थित सभी प्रत्याशी एवं उनके प्रतिनिधि को कैंडिडेट हैंडबुक अच्छे से पढ़ने एवं दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुपालन की बात कही। उन्होने बताया कि प्रचार संबंधित गतिविधियों जैसे रैली, हैलिपैड, सभा आदि के लिए सिंगल विडों सिस्टम से समयबद्ध रूप से अनुमति प्रदान की जा रही है, बिना अनुमति प्रचार-प्रसार नहीं करें। साथ ही मतदाताओं को उपहार या किसी अन्य तरीके से दबाव या प्रलोभन नहीं दें जो आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के दायरे में आता हो। आदर्श आचार संहिता के परिप्रेक्ष्य में राजनीतिक दल, प्रत्याशी क्या कर सकते हैं और क्या नहीं इसपर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया।
व्यय प्रेक्षक ने चुनाव व्यय से संबंधित निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के संबंध में बताया। राजनीतिक दलों के प्रत्याशी एवं उनके प्रतिनिधियों को प्रचार-प्रसार, पब्लिक मीटिंग्स, स्टार कैंपेनर, रैली, मनी ट्रांसफर, प्रचार प्रसार सामग्री के व्यय लेखा संधारण के संबंध में जानकारी दी । ‘सी -विजिल एप्प’ एवं ‘सुविधा पोर्टल’ से संबंधित विस्तृत जानकारी भी बैठक में दी गयी।




