प्रत्याशियों द्वारा चलता रहा आरोप-प्रत्यारोप का दौर
गोड्डा : विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव की प्रक्रिया अपने निर्धारित समय पर जारी है। इसी क्रम में नामांकन के पश्चात बुधवार को स्क्रूटनी किया गया। जहां महागामा विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी दीपिका पांडे सिंह के नामांकन पर भाजपा द्वारा तथ्य छुपाने का आरोप लगाते हुए आरओ कार्यालय में आवेदन दिया गया। इस मामले पर दिनभर महागामा विधानसभा क्षेत्र में हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। जहां आखिरकार कांग्रेस प्रत्याशी दीपिका पांडे सिंह के नामांकन को वैध करार दिया गया। हालांकि इस दौरान कई बार अफवाहें उड़ी कि कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन को रद्द किया गया है लेकिन आखिरकार उसे वैद्य किया गया। इस पर कांग्रेस प्रत्याशी दीपिका पांडे सिंह एवं भाजपा प्रत्याशी अशोक भगत द्वारा आरोप प्रत्यारोप का दौरा दिन भर जारी रहा। महागामा अनुमंडल कार्यालय में दिन भर गहमागहमी का माहौल रहा। इस दौरान तरह-तरह की अफवाह भी उड़ती रही।
क्या कहा भाजपा ने
भाजपा प्रत्याशी अशोक भगत ने कांग्रेस प्रत्याशी दीपिका पांडे सिंह के नॉमिनेशन पर सवाल करते हुए कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी ने अपने नामांकन पत्र में तथ्य को छुपाया है। 2020 में आदिवासी उत्पीड़न का एक मामला है, जिसे उन्होंने नहीं दिखाया है। उन्होंने कहा कि उनके साथ पक्षपात हुआ है, इस मामले को लेकर वह अपने अधिवक्ताओं से बात करेंगे।
कांग्रेस ने क्या कहा इस पर
वहीं, इस मामले में कांग्रेस प्रत्याशी दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि भाजपा कुछ भी करके चुनाव जीतना चाहती है। जिन तथ्यों के आधार पर भाजपा प्रत्याशी द्वारा नॉमिनेशन रद्द करने की मांग की गई वह आधार बनता ही नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा हताशा में है। वहीं निर्वाची पदाधिकारी ने दीपिका पांडे सिंह के नॉमिनेशन को वैध करार कर दिया है।



