देवघर, । बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को देवघर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर पहुंचे। उन्होंने गर्भगृह में जाकर बाबा बैद्यनाथ के ज्योतिर्लिंग पर जलाभिषेक किया और पूजा-अर्चना कर राज्य की समृद्धि एवं बेहतर भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया था। आम श्रद्धालुओं को कुछ देर के लिए पूजा-अर्चना से रोक दिया गया गया। वीआईपी गेट से सीधे गर्भगृह तक पहुंचने के दौरान भी आम लोगों को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का देवघर के एसडीएम रवि कुमार ने मंदिर पहुंचने पर स्वागत किया। उन्होंने शॉल भेंट कर उनका सम्मान किया और पूरे कार्यक्रम की जिम्मेदारी संभाली।
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि बाबा बैद्यनाथ के आशीर्वाद से बिहार समृद्धि और विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। बाबा के आशीर्वाद और हमारे सामूहिक प्रयासों से बिहार विकास की और तेज रफ्तार पकड़ेगा।
देवघर में बाबाधाम मंदिर में पूजा करने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बाबा बासुकीनाथ धाम मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भोलेनाथ और माता पार्वती सहित अन्य देवी-देवताओं की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री के आगमन पर मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के साथ पुलिस प्रशासन की चाक-चौबंद सुरक्षा की गई थी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उनका स्वागत किया।
मंदिर पहुंचने पर पंडा-पुरोहितों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को विधि-विधान पूर्वक पूजा-अर्चना कराई। इस दौरान उन्होंने बाबा बासुकीनाथ (भोलेनाथ), माता पार्वती और मंदिर प्रांगण में स्थित अन्य देवी-देवताओं की आराधना की। पूजा के बाद उन्होंने विश्व कल्याण, बिहार एवं झारखंड के समुचित विकास तथा दोनों राज्यों की समृद्धि के लिए भोलेनाथ से विशेष प्रार्थना की।
पूजा-अर्चना समाप्त होने के बाद जिला प्रशासन की ओर से वन विभाग के विश्रामगृह में मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
पूजा के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि मैंने बाबा बासुकीनाथ से फौजदारी (प्रार्थना) की है कि बिहार और झारखंड का समुचित विकास हो तथा दोनों राज्य समृद्धि की ओर आगे बढ़ें।


