नई दिल्ली । मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर विपक्षी दलों के गठबंधन की बैठक से पहले मध्य दिल्ली में विपक्षी नेताओं को निशाना बनाते हुए लगाए गए पोस्टरों को लेकर भाजपा की आलोचना करते हुए विपक्षी दलों ने इसे राजनीतिक हमला बताया। मध्य दिल्ली में बुधवार को लगाए गए इन पोस्टरों में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, आम आदमी प्रमुख अरविंद केजरीवाल सहित अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, उद्धव ठाकरे, तेजस्वी यादव, एमके स्टालिन, अखिलेश यादव जैसे नेताओं की तस्वीरें लगाकर उनपर व्यंग्य किए गए हैं।
कांग्रेस सांसद मणिक्कम टैगोर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए अमित शाह पर तंज कसा। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि अमित शाह कभी साहसी होना नहीं सीखेंगे और इस तरह के कदम उठाते रहेंगे। बैठक में एसआईआर प्रक्रिया, चुनाव आयोग के भीतर सामने आए कथित मतभेदों और मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग पर आगे की रणनीति तय किए जाने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, लोकसभा और राज्यसभा में ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए प्रस्ताव लाने के मसौदे पर भी चर्चा हो सकती है।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) ने मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग दोहराई थी। कांग्रेस ने एसआईआर प्रक्रिया को तत्काल रोकने तथा मतदाता सूचियों से हटाए गए 13.30 करोड़ नामों को बहाल करने की मांग भी की थी। पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा था।


