देवघर । श्रावणी मेला शुरू होने से ठीक पहले देवघर पुलिस ने शहर में सक्रिय चेन स्नैचिंग गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह राहगीरों को निशाना बनाकर उनके साथ मारपीट करता था और विरोध करने पर गले से चेन छीनकर फरार हो जाता था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को जसीडीह थाना क्षेत्र के खजुरिया निवासी नीतीश कुमार किसी कार्य से देवघर आए थे। बैद्यनाथ धाम रेलवे स्टेशन से पुरनदाहा जाने वाले रास्ते में तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने पहले उनके साथ मारपीट की और फिर गले से चांदी की चेन छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर देवघर नगर थाना में कांड संख्या 274/26 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर एसडीपीओ कुलदीप कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान आलोक कुमार उर्फ सनी (19), आशीष कुमार दास (21) और प्रीतम मिश्रा (20) को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में तीनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई एक चांदी की चेन, उसके दो टूटे हुए टुकड़े, एक चांदी का लॉकेट, दो चांदी के ब्रेसलेट तथा वारदात में इस्तेमाल की गई नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान से मामले की पुष्टि हुई है। जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में आशीष कुमार दास और प्रीतम मिश्रा का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों के खिलाफ चोरी, मारपीट, लूट समेत अन्य मामलों में पहले भी केस दर्ज हैं और वे जेल भी जा चुके हैं। एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त स्कूटी और लूटा गया सामान बरामद कर लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित विशेष छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक-सह-थाना प्रभारी रवि ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक सुरज कुमार, सहायक अवर निरीक्षक राजु रजवार, अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद, आरक्षी राकेश कुमार सिंह, चालक संजीव कुमार, चालक अजमेर अंसारी तथा नगर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


