देवघर । जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी विशाल सागर व एसपी अम्बर लकड़ा ने संयुक्त रूप से देवघर कॉलेज परिसर स्थित स्ट्रांग रूम प्रांगण में कल होने वाले मतगणना को लेकर निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रतिनियुक्त सामान्य प्रेक्षक मधुपुर व सारठ उपस्थित थे। आगे डीसी ने 15-देवघर, 13-मधुपुर व 14-सारठ विधानसभा के मतगणना केन्द्रों के अलावा विधि व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था एवं विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया। साथ ही चुनाव आयोग द्वारा जारी नियमों के शत प्रतिशत अनुपालन के अलावा आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश डीसी ने संबंधित अधिकारियों को दिया। इसके अलावे डीसी विशाल सागर व एसपी अम्बर लकड़ा ने देवघर कॉलेज स्तिथ 15-देवघर, 13-मधुपुर व 14-सारठ विधानसभा क्षेत्र हेतु बनाए गए मतगणना केंद्रों का निरीक्षण करते हुए की गई तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए आज होने वाले मतगणना को लेकर डीसी ने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया। आगे एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मतगणना हॉल में मोबाइल फोन, बैग, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं प्रतिबंधित सामग्रियों का प्रवेश पूर्ण रूप से वर्जित रहेगा। ऐसे कॉपी और पेन के अलावा हॉल में कोई भी फोन का इस्तेमाल न हो इसका विशेष रूप से ध्यान रखने का निर्देश दिया है। निरीक्षण के क्रम में मीडिया प्रतिनिधियों को डीसी विशाल सागर द्वारा जानकारी दी गयी कि विधानसभा आम चुनाव, 2024 के सफल मतदान समाप्ति के पश्चात आज 23 नवंबर को मतगणना हेतु देवघर कॉलेज परिसर में स्ट्राँग रूम बनाया गया है, जहां 15-देवघर, 13-मधुपुर व 14-सारठ के मतगणना हेतु अलग-अलग भवनों को चिन्हित कर आवश्यक सभी व्यवस्थाओं को दुरूस्त किया गया है, ताकि शांतिपूर्ण माहौल में मतगणना को पूर्ण किया जा सके। इसके अलावे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच देवघर कॉलेज मतगणना केंद्र में तीनों विधानसभा के वोटों की गिनती शुरू की जायेगी। साथ ही सुबह आठ से बजे से मतों की गिनती की जायेगी। साथ ही दंडाधिकारी द्वारा बिना आईडी चेक किए या बिना प्राधिकार-पत्र व अनुमति के मतगणना स्थल प्रेवश की अनुमति नही होगी। वहीं गिनती हेतु 15-देवघर में 21, 13-मधुपुर में 18 एवं 14-सारठ में 21 टेबुल पर वोटों की गिनती होगी। इसके अलावे पोस्टल बैलेट हेतु 15-देवघर में 07, 13-मधुपुर में 06 एवं 14-सारठ में 05 टेबुल पर वोटों की गिनती की जायेगी। आगे मतगणना को लेकर उपायुक्त द्वारा जानकारी दी गयी कि मीडिया प्रतिनिधियों की सुविधा हेतु मीडिया सेन्टर की सुविधा सुनिश्चित की गयी है। वहीं मतगणना स्थल पर विधि व्यवस्था के लिए दण्डाधिकारियों के अलावा सुरक्षा व्यवस्था हेतु पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस के जवानों को प्रतिनियुक्ति की गई है। इस दौरान उपरोक्त के अलावे निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी देवघर, निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, जिला खेल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक यातायात, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी एवं संबंधित विभाग के अधिकारी व संबंधित कोषांग के अधिकारी व कर्मी आदि उपस्थित थे।




