नई दिल्ली । खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने प्रमुख एफएमसीजी कंपनी डाबर इंडिया लिमिटेड के कई खाद्य उत्पादों की बिक्री पर रोक लगा दी है। कार्रवाई उन उत्पादों पर की गई है, जिन्हें कंपनी 100 प्रतिशत शुद्ध, 100 प्रतिशत नेचुरल, 100 प्रतिशत प्योरिटी गारंटीड, 100 प्रतिशत ऑर्गेनिक जैसे दावों के साथ बेच रही थी। एफएसएसएआई ने इन दावों को भ्रामक बताते हुए कंपनी से 15 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण और अनुपालन रिपोर्ट मांगी है। एफएसएसएआई की कार्रवाई की जद में डाबर के कई लोकप्रिय उत्पाद आए हैं, जिनमें प्रमुख रूप से शहद, गाय का घी, ऑर्गेनिक हनी, हिमालयन ऑर्गेनिक एप्पल साइडर विनेगर, होममेड कोकोनट मिल्क, अन्य ऐसे खाद्य उत्पाद, जिन पर 100 प्रतिशत वाले दावे किए गए थे। जांच में पाया गया कि डाबर हिमालयन ऑर्गेनिक एप्पल साइडर विनेगर और डाबर ऑर्गेनिक हनी पर जैविक भारत का लोगो लगाया गया था, जबकि इसके लिए आवश्यक वैध एफएसएसएआई ऑर्गेनिक प्रमाणन उपलब्ध नहीं था।
वहीं डाबर होममेड कोकोनट मिल्क जैसे मिश्रित उत्पाद पर 100 प्रतिशत शुद्ध का दावा किया गया था। एफएसएसएआई के नियमों के अनुसार मिश्रित खाद्य पदार्थों पर इस प्रकार का दावा करना अनुमत नहीं है। एफएसएसएआई का कहना है कि खाद्य उत्पादों पर किए जाने वाले दावे स्पष्ट, सत्यापित और वैज्ञानिक प्रमाणों पर आधारित होने चाहिए। 100 प्रतिशत जैसे पूर्ण दावे तभी किए जा सकते हैं जब उन्हें प्रमाणित किया जा सके। अन्यथा ऐसे दावे उपभोक्ताओं को गुमराह करने की श्रेणी में आते हैं। फिलहाल प्राधिकरण ने संबंधित उत्पादों की बिक्री रोकने के साथ कंपनी से 15 दिनों के भीतर जवाब मांगा है। यदि कंपनी संतोषजनक स्पष्टीकरण या आवश्यक संशोधन नहीं करती है, तो उसके खिलाफ आगे भी नियामकीय कार्रवाई की जा सकती है।


