गोड्डा : मौसम का मिजाज बदलने व सर्द हवा चलने से आम लोगों में सर्दी, खांसी, ज्वर व जुकाम जैसी मौसमी बीमारी की समस्याएं बढ़ने लगी हैं। ऐसे में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य केन्द्रों में इलाज को लेकर मरीजों की संख्या में इन दिनों बढ़ोत्तरी हो रही है। सदर अस्पताल में पिछले एक सप्ताह से मरीजों की संख्या में बेतहासा बढ़ोत्तरी हो रही है। अस्पताल खुलते ही लोगों की लंबी कतार लगनी शुरू हो जाती है। इनमें बुखार, सर्दी, खांसी, बदन दर्द से संबंधित मरीजों की संख्या अधिक देखी जा रही है। ग्रामीण क्षेत्र के कन्हवारा गांव से आई रेशमी कुमारी का कहना है कि पिछले तीन दिनों से वह बुखार व माथा दर्द से पीड़ित हैं। बुखार जल्दी नहीं उतर रहा है। इसलिए सदर अस्पताल इलाज कराने पहुंची हूं। सिमरिया के सुबोध कापरी का कहना है कि कल रात में खेत से लौटने में देरी हो गई तो उसे बुखार व सर्दी, खांसी का प्रकोप हो गया। इसी प्रकार के मरीज डाक्टरों से परामर्श लेने के लिए पहुंचे हैं और अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि अचानक ठंड गिर जाने व ठंडी हवा बहने से लोग बीमार पड़ रहे हैं। ठंडी या गर्मी मौसम की शुरूआती में शरीर के अनुकुलित होने तक मौसमी बीमारी का प्रकोप रहता है।
क्या कहते हैं चिकित्सा पदाधिकारी
ठंड का प्रकोप शुरू हो चुका है। ऐसे में सावधानी बरतने की जरुरत है। इस मौसम में सर्दी, खांसी व बुखार के प्रकोप से परेशानी होती है। इससे बचाव के लिए हल्का गर्म पानी का सेवन करें। ठंडे चीजों यथा कोल्ड ड्रिंक्स, आईसक्रीम आदि से परहेज करें। रोजाना हरी सब्जी, साग का सेवन करें। फल में सेव, अनार, नास्पाति, नारंगी का उपयोग किया जा सकता है। सुबह एवं देर रात में बाहर निकलते समय शरीर पर गर्म कपड़ा जरुर रखें। बीमार पड़ने पर नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्रों में या चिकित्सकों की सलाह लेकर ही दवाइयों का सेवन करें।
डा. आकाश
चिकित्सा पदाधिकारी, सदर अस्पताल, गोड्डा।



