गोपीकांदर । तीन महीने से राशन नहीं मिलने से नाराज पीडीएस लाभुकों ने गोपीकांदर प्रखंड के बड़ापाथर गांव के समीप दुमका-पाकुडिय़ा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। दो गांवों के आठ टोला के सैकड़ों महिला कार्डधारियों ने सड़क पर पेड़ की डाल व बांस रखकर आवागमन को ठप्प कर दिया। सड़क जाम की सूचना मिलने पर प्रखंड प्रशासन ने जाम स्थल पर पहुंचकर लाभुकों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटाया। कार्डधारी फुलकुमारी देवी का कहना है कि बड़ापाथर डीलर सागेन हेंब्रम द्वारा तीन महिने का पर्ची निकालकर चावल नहीं दिया गया है, जिस कारण लाभुकों ने सड़क जाम कर किया है। वही बविता महारानी ने बताया कि बड़ापाथर पहाडिय़ा टोला के 22 कार्डधारियों को भी तीन महिने की पर्ची निकालकर चावल नहीं दिया गया। सड़क जाम की सूचना पर गोपीकांदर गोदाम प्रबंधक (एजीएम) माईकल हेंब्रम और एसआई भारत भुषण सिंह मौके पर पहुंचे। घंटों समझाने के बाद डीलर और प्रखंड गोदाम प्रबंधक माईकल हेंब्रम द्वारा 8 दिन के भीतर तीन महीने का राशन वितरण का लिखित आश्वासन देने पर सड़क जाम को लाभुकों ने खोल दिया। जिससे वाहनों का आवागमन सुचारू रूप से शुरू किया गया। बता दें कि करीब 4 घंटा तक सड़क जाम रहने से छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। डीलर सागेन हेंब्रम ने बताया कि उनके पास कुल 244 कार्ड है, जिसमें 22 अन्त्योदय पीला कार्ड है। उन्होंने कहा कि गोदाम से आवंटन कम मिलने के कारण सभी लाभुकों के बीच राशन वितरण नहीं किया जा सका था। फिलहाल सभी के बीच एक-एक महीने का राशन वितरण करेंगे और बाकी बचे दो महीने का चावल 8 दिनों के अंदर वितरण कर दिया जायेगा। यहा बता दें कि गोपीकांदर प्रखंड क्षेत्र में हर दो-तीन महीने में डीलरों के द्वारा राशन वितरण में गड़बड़ी के कारण कार्डधारियों के द्वारा सड़क जाम किया जाता है, लेकिन प्रखंड प्रशासन व संबंधित विभाग चैन की नींद सोए रहता है7 गोदाम प्रबंधक माईकल हेंब्रम ने कहा कि राशन वितरण को लेकर सड़क जाम की स्थिति बार-बार ना हो इसके लिए जल्द ही प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ एक बैठक कर समाधान निकाला जायेगा। मौके पर मुनी देवी, लालिमा देवी, नितु देवी, मकु हेंब्रम, देवी महारानी, आशा महारानी, शियावती महारानी, संजू महारानी, कवित महारानी, बंतती देहरीन, देवी महारानी, आशा महारानी, शियावती महारानी सहित सैकड़ों कार्डधारी मौजूद थे।




